कानपुर में सिविल लाइंस स्थित डीजी कॉलेज के सामने गुरुवार दोपहर एक बाइक सवार शोहदे ने छात्रा से छेड़खानी करते हुए उसका दुपट्टा खींच लिया। तभी पास से गुजर रहे एसीपी कर्नल गंज त्रिपुरारी पांडेय की उस पर नजर पड़ गई। उन्होंने शोहदे को पकड़ कर पहले पांच थप्पड़ जड़े फिर उसके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की।
पूछताछ में नाम बताया जगमोहन, निकला महताब आलम
एसीपी कर्नलगंज त्रिपुरारी पांडेय ने शोहदे को सबक सिखाने के बाद उसे ग्वालटोली थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब शोहदे का नाम पूछा तो जगमोहन बताया। पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो उसकी पहचान महताब आलम के रूप में हुई। एसीपी ने छात्रा के परिजनों को मौके पर बुलाया तो उसके पिता फफक पड़े।
उन्होंने शोहदे पर लंबे समय से बेटी का पीछा करने का आरोप लगाया। बदनामी के डरे से थाने-चौकी में शिकायत दर्ज न कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि शोहदे से तंग आ कर ही बेटी की पढ़ाई छुड़वा कर उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे। एसीपी की कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि अगर महताब ने दोबारा छेड़खानी की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
