शिवली क्षेत्र के चंपतपुर रैपालपुर गांव में गुरुवार रात नशेबाजों ने घर में घुसकर सास बहू समेत तीन लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दो महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांव के श्रीराम की पत्नी शशि ने बताया कि गुरुवार रात गांव में राजेश के मकान का लेंटर पड़ रहा था। वहां उसके पति खाना खाने के लिए गए थे। रात करीब 10.30 बजे वह अपने पति को बुलाने गई तो वहां शराब के नशे में मौजूद रमेश व इसके पुत्र सचिन , प्रवीण, राहुल ने उसे बेवजह गाली दे दी और धक्का मारकर भगा दिया। इस पर वह अपने घर चली आई तो यह सभी लोग छत से कूदकर उसके घर में घुस आए और उस पर हमला कर दिया। उसी बीच रमेश की पत्नी यशोदा व राजेश की पत्नी सोनी भी आकर मारपीट करने लगे। उसकी चीख – पुकार सुन उसे बचाने आई उसकी सास उर्मिला व देवर अंकित को भी आरोपितों ने मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बचाया। कोतवाल वीके मिश्रा ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर पर आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया गया।
