फर्रुखाबाद में एमएलसी चुनाव के दौरान मोहम्मदाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय मतदान केंद्र के बाहर शनिवार दोपहर सपा समर्थकों ने भाजपा से नगर पंचायत का चुनाव लड़ चुके ब्रजेश दुबे को जमकर पीटने के बाद पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने सपाइयों को डंडे चलाकर खदेड़ा। भाजपा नेता ने रोहिला निवासी सपा प्रत्याशी हरीश यादव, उनके पुत्र गजेंद्र यादव, सौरभ यादव के साथ आशुतोष, कमलेश यादव, आदित्य, कस्बा के सपा अध्यक्ष मनोज यादव, शास्त्री नगर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक मुन्नू सिंह, उनके पुत्र कौशलेंद्र उर्फ सानू और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ नकदी, चेन लूटने और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी दिलीप कुमार बिंद ने बताया, मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
शनिवार दोपहर 3.45 बजे भाजपा नेता ब्रजेश दुबे खेड़ा सिरौली की बीडीसी सदस्य सविता का वोट डलवाने मतदान केंद्र पहुंचे। वहां सविता के आधार कार्ड का फोटो मिलान नहीं होने पर दोनों बूथ के बाहर आ गए। इस बीच फर्जी वोट पड़ने की सूचना पर सपा प्रत्याशी हरीश यादव 25-30 समर्थकों के साथ आ गए। ब्लाक गेट पर समर्थकों ने ब्रजेश दुबे की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट होने पर पुलिस ने सपाइयों को खदेड़ा तो उन्होंने पथराव कर दिया। इसके बाद सपा समर्थकों ने ब्लाक गेट के पास एक मेडिकल स्टोर में घुस कर अंदर से शटर गिरा लाक कर दिया। भाजपा नेता और कार्य कर्ता सपा प्रत्याशी व उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। भाजपा समर्थक मेडिकल स्टोर खुलवाने पर अड़ गए। क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह गौर, नोडल मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने पुलिस बल के साथ मेडिकल स्टोर खुलवाया। पुलिस ने शास्त्री नगर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक मुन्नू यादव, उनके पुत्र कौशलेंद्र यादव को बाहर निकाला। भाजपा कार्यकर्ताओ की संख्या अधिक होने पर पुलिस दोनों को वहां से ले गई। बताते हैं, पुलिस के जाने के बाद उग्र भाजपाइयों ने हमला बोला। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी की अगुवाई में पुलिस बल ने कस्बे में पैदल मार्च किया। उधर, भाजपा नेता की पिटाई के बाद सपा समर्थक भाग गए, जबकि काफी संख्या में भाजपा समर्थकों के पहुंचने पर सपा प्रत्याशी ब्लाक कार्यालय की बाउंड्रीवाल कूदकर चले गए।
