कन्नौज में घर के बाहर खेल रही थी तीन साल की मासूम, अचानक हुई लापता…और फिर तालाब में मिला शव

कन्नौज में दोपहर के समय लापता हुई तीन साल की बच्ची का शव घर के पास ही एक तालाब में मिला एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और सदर कोतवाल को जांच के आदेश दिए हैं।

सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हौदापुरवा निवासी संजीव कुमार दोहरे की तीन साल की बेटी कृति दोपहर के 12 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। दिन भर तलाश करने के बाद शाम को आठ बजे के बाद पिता ने सदर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई और अपहरण की आशंका व्यक्त की। घटना की जानकारी के पाकर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, सीओ सिटी शिव प्रताप सिंह सदर कोतवाल आलोक कुमार दुबे पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे, उन्होंने घटना के बारे में स्वजन से जानकारी ली। इसके बाद घर के पास ही तालाब में तलाश करवाई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला तो पुलिस वापस लौट आई।

थोड़ी देर बाद रात 10 बजे के करीब मोहल्ले के लोगों ने घर के बाहर तालाब में बच्ची का शव उतराते हुए देखा। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक ने तालाब से शव को बाहर निकलवाया अनुमान लगाया जा रहा है कि घर से बाहर खेलते समय बालिका अचानक तालाब में डूब गई। हालांकि एसपी ने इस घटना की जांच प्रभारी निरीक्षक को सौंपी है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *