जालौन: सामूहिक नकल में एक और कॉलेज की परीक्षा निरस्त

कदौरा के बाद अब जालौन तहसील के छिरिया सलेमपुर के बाबू चंद्रशेखर रामभरोसे महा विद्यालय में सामूहिक नकल कराने का वीडियो वायरल होने से प्रबंधन में हड़कंप है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के नेतृत्व में कमेटी द्वारा कराई गई जांच में नकल का मामला सही मिला।

कमेटी ने बताया कि दो अप्रैल को सुबह की पाली में गणित और वनस्पति विज्ञान की परीक्षा थी। इस दौरान सामूहिक रूप से नकल कराई गई है। कमेटी की रिपोर्ट के बाद दो अप्रैल को हुई दोनों परीक्षाएं निरस्त करने के साथ ही परीक्षा केंद्र में परिवर्तन किया गया। अब इस केंद्र की जगह लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित कैलाशी देवी श्रवण कुमारी महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

अब बाबू चंद्रशेखर डिग्री कॉलेज में परीक्षा देने वाले सभी छात्र- छात्राओं आगे की सभी परीक्षाएं कैलाशी देवी महाविद्यालय में होंगी। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद जांच कराई गई थी। मामला सही मिलने पर परीक्षा निरस्त कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *