कानपुर में दरोगा के बेटे की हत्या में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज ने उलझाया, आखिर कॉल में किसी युवती से लंबी बातचीत

कानपुर में बर्रा के न्यू श्याम नगर से दरोगा के इकलौते बेटे के अपहरण और हत्या मामले में मिली एक सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस को उलझा दिया है। नौबस्ता चौराहे के पास एक सीसीटीवी कैमरे में कैद संदिग्ध युवक रिषभ के साथ नजर आ रहा है लेकिन फुटेज बेहद धुंधली है। इससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। वहीं, पुलिस ने महोबा के कारोबारी के बेटे समेत 20 से ज्यादा लोगों को उठाया है, जिनसे पूछताछ चल रही है।

न्यू श्याम बिहार निवासी राकेश कुमार भोगनीपुर थाने के दरोगा हैं। उनका 22 वर्षीय इकलौता बेटा रिषभ बुधवार शाम किसी का फोन आने पर घर से निकला था। दो घंटे बाद मोबाइल बंद होने और रात तक घर न लौटने पर गुरुवार को मां ऊषा ने बर्रा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी शाम सचेंडी क्षेत्र के बिनौर गांव के पास नहर में अज्ञात शव मिला। इसकी शिनाख्त रिषभ के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। पास से मोबाइल, पर्स और अंगूठी भी गायब थी।

आखिरी काल:

एक युवती से हुई थी लंबी बातचीत : पुलिस ने रिषभ के नंबर पर आई आखिरी काल की जांच की तो वह एक युवती का निकला, जिससे रिषभ ने काफी देर बात की थी। हालांकि, इससे पहले एक और काल थी, जो महोबा का निकला। वह नंबर बंद है। वहीं, पुलिस की जांच में ये भी पता चला है कि रिषभ ने चार मार्च को महोबा के कारोबारी के बेटे संग पार्टी की थी। पुलिस ने उसे उठा लिया। साथ ही 20 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ की जा रही है।

12 से अधिक नंबरों की निकलवाई सीडीआर :

पुलिस ने कारोबारी के बेटे, युवती और महोबा के एक अन्य युवक समेत 12 से ज्यादा लोगों की सीडीआर निकलवाई है। इसमें कारोबारी के बेटे और आखिरी काल करने वाले युवक से कोई संपर्क नहीं निकला है। हालांकि, सीडीआर आने के बाद पुलिस की एक टीम शनिवार शाम को फिर महोबा पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *