आज दिनांक 15-04-2022 को विभिन्न समाचार पत्रों में सीसामऊ नाले मे ओवर फ्लों होने के कारण सिविल लाइंस स्थित अंबा नर्सिंग होम के पास सड़कों पर सीवर का दूषित पानी भर जाने की खबर प्रकाशित हुई।
उक्त खबर का त्वरित संज्ञान लेते हुए एवं जमीनी स्थिति को देखने तथा सीवर बहाव से सम्बन्धित आये दिन प्राप्त हो रही शिकायतों के कमियों/कारणों का पता करने और उनका बेहतर और तत्काल निराकरण सुनिश्चित कर स्थायी निदान प्राप्त करने के उद्देश्य से आज आयुक्त ने नगर निगम, जल निगम, जल कल विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों के साथ बैठक की, तदोपरान्त प्राप्त शिकायत से सम्बन्धित स्थल का दौरा भी किया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी (सदर), अधीक्षण अभियंता जल निगम (ग्रामीण), सचिव जलकल नगर निगम कानपुर, परियोजना प्रबन्धक गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई (जल निगम) कानपुर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
1. प्रथम दृष्टया परीक्षण करने पर पाया गया कि अम्बा नर्सिंग होम के पास मैनहोल से हुए ओवरफ्लो होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी करने पर श्री ज्ञानेन्द्र चौधरी, परियोजना प्रबधक द्वारा अवगत कराया गया की बेनाझाबर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (wtp) से बैकवाश वाटर छोड़े जाने से सीसामऊ टैपिंग पर अधिक मात्रा में पानी आने के कारण सीसामऊ से लगातार पांच पंप चलाने से ओवरफ्लो की स्थिति पैदा हुई। इस सम्बन्ध में अग्रेत्तर सचिव जलकल श्री के. पी. आनंद द्वारा अवगत कराया गया की भविष्य में बैकवॉश वाटर प्लांट से नहीं छोड़ा जाएगा।
2. परियोजना प्रबंधक, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को निर्देशित किया गया कि उपरोक्त समस्या के स्थायी निस्तारण हेतु एक विस्तृत कार्ययोजना बनाकर दिनांक 18.04.2022 सोमवार शाम को 6 बजे अवगत रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
3. आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम, कानपुर को उपरोक्त मेनहोल के ओवर फ्लों के कारण सड़कों पर जमा हुई सिल्ट को हटवाने/साफ करवाने हेतु कार्ययोजना बनाते हुए इसका निस्तारण आज से ही प्रारम्भ कराये जाने के निर्देश दिए और यह सिल्ट कब तक हट जायेगी और प्रतिदिन इसका निस्तारण कराये जाने के सम्बन्ध में प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
4. जिलाधिकारी, कानपुर नगर से भी यह अपेक्षा की गयी कि वे इस सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर सम्पूर्ण स्थिति का परीक्षण करे और जिन बिन्दुओं पर आवश्यक सुधार की आवश्यकता हो, तो उसका शीघ्र निराकरण कराना सुनिश्चित करें।

