जानिए कैसे करें कोरोना काल में अक्षय तृतीया की पूजा, सोना खरीदने से अच्छा है करें ये काम

पूरा देश महामारी की चपेट में है। लाकडाउन ने जिंदगी को बचा रखा है। बस आप सही हैं, ये शब्द ही इन दिनों सुकून दे रहे हैं। एेसे में आगामी दिनों अक्षय तृतीया का पर्व आ रहा है। मान्यता है कि इस दिन सोना खरीदना और बिहारी जी के चरणाें के दर्शन करना अक्षय फल देता है। लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण काल में ऐसा करना संभव नहीं है।

अक्षय पुण्य काे अर्जित करने का एक विकल्प ज्योतिषाचार्य डॉ शाेनू मेहरोत्रा बताती हैं। डॉ शाेनू के अनुसार अक्षय तृतीया पर आप दान करके भी अक्षय फल की प्राप्ति कर सकते हैं। इस वर्ष अक्षय तृतीया 14 मई को है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन किया गया दान भी आपको अक्षय फल के रूप में वापस होकर मिलता है। और कई गुना बढ़कर वापस मिलता है।अक्षय तृतीया पर दान के महत्‍व को देखते हुए इस दिन जल का कोई पात्र यानी बरतन जैसे गिलास, लोटा, घड़े का दान करना चाहिए। ग्रीष्‍मकाल में जल से जुड़ी हुई शीतल चीजों का दान शास्‍त्रों में बहुत ही महत्‍वपूर्ण बताया गया है। गुड़ का दान करें या जल में गुड़ मिलाकर गाय को पिलाएं। आप चाहें तो मीठी रोटी बनाकर भी गाय को खिला सकते हैं। यह उपाय आपके सूर्य को बलवान बनाएगा। ज्योतिषशास्त्र में बताया गया है कि इससे आरोग्य की प्राप्ति होती है। हृदय को बल मिलता है और सरकारी क्षेत्र एवं पैतृक धन संपत्ति से सुख मिलता है। किसी जरूरतमंद को चावल, आटा या कोई अन्य अनाज दान दें। मात्रा इतनी होनी चाहिए जिससे सामने वाले कि ज़रूरत पूरी हो सके। अक्षय तृतीया पर हरा चारा, पालक गाय को खिलाना बहुत ही शुभ फलदायी होगा। यह व्यापार, शिक्षा और धन के लिए शुभ फलदायी उपाय है जिसका जिक्र ज्योतिषशास्त्र में मिलता है, क्योंकि इससे बुध मजबूत होता है। इस अवसर पर बच्चों को कॉपी, कलम दान दे सकते हैं।ऐसे करें पूजन

गेहूं भगवान विष्णु के चरणों में रखें। भगवान विष्णु की पूजा करें। इसके बाद गेहूं को लाल वस्त्र में लपेटकर तिजोरी में रखें। गेहूं को कनक यानी सोने के समान माना गया है। गेहूं का दान भी स्वर्ण दान के समान कहा गया है। अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने की परंपरा है। इसे शगुन माना जाता है। इस वर्ष सोना खरीदने के लिए घर से बाहर आप नहीं जा सकते हैं। इस उपाय से अक्षय तृतीया का शगुन कर सकते हैं। इसके साथ- साथ इस दिन महालक्ष्मी के मंत्रो का और ॐ नमो भगवते वासुदेवाय का जाप करें। माता लक्ष्मी को चावलों की मीठी खीर का भोग लगाएं। अपने धन और पैसों के स्थान पर पीले कपड़े में लपेटकर तीन हल्दी की गांठे भी रख सकते हैं। अपने घर पर रखे हुए सोने पर थोड़ी हल्दी और अक्षत डाल दें। इस प्रकार इस समय आप सीमित संसाधनों में शुभ फल प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *