फर्रुखाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा

फर्रुखाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती समेत तीन की मौत
Fri, 15 Apr 2022
फर्रुखाबाद में तेज रफ्तार बेकाबू रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक से गिरे बाइक सवार दंपती और दोनों बच्चों को रौंदते हुए गुजर गई। इस हादसे में घायल दंपती और उसकी चार वर्षीय पुत्री ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया है।

शुक्रवार सुबह आठ बजे मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मदनपुर के पास इटावा- बरेली हाईवे पर बेवर की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक मैनपुरी जिले के थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव मकियानी पोस्ट पतारा निवासी बलराम सिंह (40) और उनकी पत्नी वंदना (35), चार वर्षीय पुत्री मोहनी और दो वर्षीय पुत्र कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान बाइक बस में फंस गई। इस दौरान बस चालक और परिचालक मौके से भागने में सफल हो गए। अन्य यात्रियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी मोहम्मदाबाद दिलीप कुमार बिंद मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा। वहां डा. सनी मिश्रा ने मोहनी को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इलाज के दौरान करीब आधे घंटे बाद घायल वंदना ने भी दम तोड़ दिया। उधर गंभीर हालत में बलराम को डा. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान बलराम की भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर लोहिया अस्पताल पहुंचे हरदोई जिले के सवायजपुर थाना क्षेत्र के गांव माहरेपुर निवासी रिश्तेदार प्रमोद सिंह ने बताया कि बलराम उनके भाई के दामाद हैं। वह सुुबह वंदना और बच्चों को लेकर माहरे पुर से अपने गांव मकियानी, मैन पुरी जा रहे थे। रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। उधर पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।

डेढ़ घंटे एंबुलेंस का करते रहे इंतजार

सुबह 8.30 बजे घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। दंपती की हालत गंभीर देख लोहिया अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। तब तक इलाज के अभाव में वंदना ने दम तोड़ दिया। उसके बाद जब एंबुलेंस पहुंची तो गंभीर रूप से घायल बलराम को लोहिया अस्पताल भेजा जा सका, लेकिन तब तक उनकी हालत और बिगड़ चुकी थी। लोहिया अस्पताल में इलाज शुरू हो पाता, तब तक बलराम ने भी दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *