उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्व विद्यालय सैफई इटावा के एक डाक्टर व उसके साथियों की दबंगई का वीडियो सामने आया है। इस मामले में पीड़ित ने फ्रेंड्स कालोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। डाक्टर ने पहले पीड़ित अरविंद यादव की गाड़ी में पीछे से टक्कर मारी, जब उसने टोका तो उसके साथ मारपीट की गई। फिर बोला में विवेक चौधरी सैफई में सीएमओ के पद पर हूं मरवा दूंगा। इस मारपीट अराजकता का वीडियो सोशल मीडिया पर कुछ देर में वायरल हो गया। हालांकि दैनिक जागरण इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामला 14 अप्रैल की शाम का है।
शहर के फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे की सर्विस रोड आइटीआइ के नजदीक एक डाक्टर की दबंगई का वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होते ही हरकत में आये अफसरों ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फ्रेंड्स कालोनी थाने में अरविंद यादव पुत्र हृदय राम यादव निवासी सहसारपुर थाना सैफई ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पीड़ित अपने गांव सहसारपुर से अपनी रिश्तेदारी भरथना में निजी कार से जा रहा था। आइटीआइ चौराहे से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ने के लिए मुड़ रहा था तभी सर्विस रोड पर अचानक एक गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मेरी गाड़ी में मार दी। जब वह अपनी गाड़ी से नीचे उतरा तो उस गाड़ी का चालक गाली गलौज करता हुआ आया और फोन करके उसने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। एक गाड़ी में करीब 8 लोग सवार होकर आए इसमें एक व्यक्ति ने अपना नाम विवेक चौधरी बताया और बताया कि वह सैफई में सीएमओ है। जिसने बिना कोई बात करते हुए मेरे साथ गाली गलौज कर मारपीट की और उसके साथियों ने भी मारपीट की। बाद में विवेक चौधरी मौके ने भागते हुए मुझे जान से मारने की धमकी दे गए।
मामले में जांच कर रहे आइ टी आइ चौकी इंचार्ज राजेश पाल ने बताया डाक्टर विवेक चौधरी व उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है।
इस संबंध में डा. विवेक चौधरी ने बताया कि मेरी कार से एक्सीडेंट नहीं हुआ था। डा. राजेश वर्मा की कार से एक्सीडेंट हुआ था। मैं उनकी मदद करने गया था। मैंने कोई मारपीट नहीं की है, जो वीडियो चल रहा है उसमें देखा जा सकता है। वीडियो फर्जी है मैंने न तो कोई धमकी दी और न ही किसी को मारा है। मुझे केवल बदनाम किया जा रहा है।
