सीएम योगी का आह्वान- कारोबारी सुगमता में यूपी को बनाना है देश में नंबर वन
Sat, 16 Apr 2022
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश के श्रेष्ठतम गंतव्य के रूप में राष्ट्रीय पटल पर उभर कर आया है। कारोबारी सुगमता की राष्ट्रीय रैंकिंग में 2017 तक 14वें स्थान पर रहने वाला उत्तर प्रदेश आज दूसरे पायदान पर है। अब इस रैंकिंग में प्रथम स्थान पर आने के लक्ष्य के साथ टीम यूपी काम करेगी। इसके लिए निवेश और कारोबार के नियमों को और सरल किया जाएगा।
योगी शुक्रवार को मंत्रिमंडल के सामने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास सेक्टर के 11 विभागों की भावी कार्ययोजना के प्रस्तुतिकरण के बाद दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले यूपी इन्वेस्टर समिट में 4.68 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव हमें मिले थे। इनमें से 3 लाख करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव आज धरातल पर साकार हो रहे हैं। अगले दो वर्ष के भीतर उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन होगा। इस बार यहां 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लक्ष्य के साथ काम करना है।
100 दिन में अटल औद्योगिक अवस्थापना मिशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 100 दिन के भीतर अटल औद्योगिक अवस्थापना मिशन की शुरुआत करने की तैयारी करें। वर्ष 20121-22 में यूपी के निर्यात में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। करीब डेढ़ लाख करोड़ का निवेश होना प्रदेश की बेहतरी का संकेत है। प्रदेश के निर्यात को 2 लाख करोड़ तक ले जाने के लिए टीम यूपी को नियोजित रूप से कार्य करना होगा। 100 दिन के भीतर प्रदेश में तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन करने के निर्देश भी दिए।
नई औद्योगिक नीति शीघ्र
योगी ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर में 8640 करोड़ रुपये के 62 एमओयू हो चुके हैं। डिफेंस कॉरिडोर से जुड़े कार्यों को तत्परता के साथ पूरा कराया जाए। यथाशीघ्र राज्य की नई औद्योगिक नीति तैयार की जाए। उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी की दिशा में 6 माह में विकासकर्ता का चयन करते हुए अगले 2 वर्ष में संपूर्ण भूमि का हस्तांतरण पूरा करने का लक्ष्य रखें। यह रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम बनेगी। सीएम ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन नीति, वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक नीति और डिफेंस एवं एयरोस्पेस नीति को अपडेट किया जाए।
टॉय पार्क के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी
सीएम ने कहा कि यीडा के मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाए। गोरखपुर में गारमेंट और प्लास्टिक पार्क को अगले दो वर्ष में शुरू करने की तैयारी हो। यीडा में टॉय पार्क की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी अगले 100 दिनों के भीतर हो जानी चाहिए।
दो करोड़ युवाओं को मिलेंगे टैबलेट व स्मार्ट फोन
सीएम ने कहा कि हमें अगले 5 वर्षों में 2 करोड़ युवाओं को डिजिटल शक्ति से लैस करना है। बिना भेदभाव के हर छात्र-छात्रा को टैबलेट व स्मार्ट फोन उपलब्ध कराया जाए।
बलिया और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर जोर
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के मुख्य कैरिज-वे का शुभारंभ यथाशीघ्र करने की तैयारी करें। बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए एनएचएआई के साथ एमओयू की प्रक्रिया जल्द पूरी करें। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के अवशेष कार्यों को तेजी से पूर्ण कराया जाए। स्टार्टअप नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण नीति और डाटा सेंटर नीति में सुधार अपेक्षित है।
डिजी लॉकर में रहेगा राशन कार्डों का ब्योरा
सीएम ने कहा कि सभी 3.6 करोड़ राशनकार्ड का विवरण और माध्यमिक शिक्षा के अंकपत्र डिजी लाकर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो। भारत सरकार के बहुउपयोगी उमंग एप पर भूलेख सेवा, रोजगार आवेदन, कुशल श्रमिक पंजीकरण और परिवार रजिस्टर आदि को एकीकृत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को इंटरनेट कनेक्टिविटी की सुविधा से लैस करने का वर्ष 2024 तक पूरा कर लेने जाने का लक्ष्य रखें।
तीन माह में एक लाख उद्यमियों को ऋण
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश वित्तीय निगम (यूपीएफसी) को विदेशों में रोजगार के लिए राज्य भर्ती एजेंसी के रूप में नामित किया गया है। इच्छुक लोगों को विदेशी भाषाओं का ज्ञान दिलाने के लिए भी कार्य योजना तैयार की जाए। एमएसएमई के लिए ऋण की सुविधा और आसान बनाई जाए। अगले 5 वर्ष में बैंकों के सहयोग से क्षेत्र की वार्षिक क्रेडिट को 5 लाख करोड़ तक पहुंचाने का प्रयास हो। इससे लगभग 5 करोड़ रोजगार सृजित होंगे। अगले तीन माह में एक वृहद ऋण मेले का आयोजन हो, जिसमें बैंकों के माध्यम से न्यूनतम 1 लाख उद्यमियों को ऋ ण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखें। 5 वर्ष में न्यूनतम 5 लाख कारीगरों को प्रशिक्षित करते हुए टूल किट प्रदान करने का लक्ष्य रखें। ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र योजना को अवशेष जिलों तक विस्तार दिया जाए।
सितंबर 2024 तक जेवर एयरपोर्ट का संचालन
सीएम ने कहा कि प्रदेश में 2017 से पहले मात्र 2 एयरपोर्ट थे, आज यहां 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होने जा रहे हैं। टीम यूपी के लगातार प्रयासों से यह बड़ी उपलब्धि है। मुरादाबाद एयरपोर्ट के लाइसेंसिंग की कार्यवाही और कानपुर सिविल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का विकास तेजी से पूरा की जाए। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अयोध्या के विकास की प्रक्रिया तेज हो। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का संचालन सितंबर 2024 तक शुरू करने के लक्ष्य के साथ तेजी से कार्य करें।
पॉवर फॉर ऑल का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि ऊर्जा विभाग ने पिछले पांच वर्षों में सराहनीय कार्य किया है। अब टीम यूपी ‘पावर फॉर ऑल’ के लक्ष्य के साथ नियोजित ढंग से कार्य करेगी। अयोध्या धाम में निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर को हाइड्रोजन फ्यूल सेल्स के माध्यम से ऊर्जीकरण करने का अभिनव प्रयास किया जाना चाहिए। रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति निर्बाध गति से लोगों को मिले। अगले सौ दिनों में नए बनने वाले 4126 एमवीए क्षमता के सात और अगले छह माह में 7906 एमवीए के 20 नए उपकेंद्र बिजली आपूर्ति सुदृढ़ बनाने में बड़ा योगदान देंगे। अगले दो साल में घाटमपुर जेवी और पनकी टीपीएस की उत्पादन क्षमता में 2504 मेगावाट की वृद्धि से प्रदेश विद्युत उत्पादन में आत्मनिर्भर होने की दिशा में बड़ा कदम है। इसे और बढ़ाने की आवश्यकता है। एटीसी हानियों को 20 प्रतिशत से कम किया जाए।
16.5 हजार किमी बनेंगी नई सड़कें
सड़कों के निर्माण और रखरखाव में कार्यदायी संस्था को जिम्मेदार ठहराया जाए। समय से पहले टूटने वाली सड़कों का बिना किसी देरी के मजबूती किया जाए। अगले पांच वर्षों में 10 हजार किमी सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढीकरण किया जाना है। करीब चार हजार बसावटों को संपर्क मार्ग से जोड़ने, 16.5 हजार किमी मार्गों के नव निर्माण, 90 हजार किमी मार्गों का नवीनीकरण, तीन सौ सेतुओं का निर्माण, दो सौ रेलवे ओवर ब्रिज और एक हजार लघु सेतुओं का निर्माण किया जाना है। भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति का अक्षरश: पालन किया जाए।
आगरा, कानपुर, गोरखपुर में फ्लैटेड फैक्ट्री 100 दिन में
आगरा, कानपुर और गोरखपुर में फ्लैटेड फैक्ट्री के निर्माण की प्रक्रिया अगले 100 दिन में शुरू कराएं। प्रदेश में 6 एमएसएमई पार्क की स्थापना के लिए विकासकर्ता के चयन सहित अन्य कार्यवाही शीघ्र शुरू की जाए। उत्तर प्रदेश में ग्लोबल टेक्सटाइल हब बनने की संभावनाओं को आकार देना होगा। वस्त्र उद्योग में 1 करोड़ के निवेश से रोजगार के बड़े मौके सृजित होते हैं। 5 लाख अवसरों के लिए हमें 7500 करोड़ रुपये के निवेश के लक्ष्य के साथ काम करना होगा। सौर ऊर्जा से पावरलूम संचालित करने के संबंध में नई नीति तैयार की जानी चाहिए।
