रसूलाबाद क्षेत्र के माधव नगर में संदिग्ध हालात में युवक ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस को स्वजन ने जानकारी नहीं दी।
माधव नगर निवासी उचित दर विक्रेता श्याम सिंह राजपूत का बड़ा बेटा 22 वर्षीय विशाल सिंह पालीटेक्निक का छात्र था। कल देर रात वह शौच जाने की बात कह कर घर से कुछ दूरी पर बने शौचालय में गया था।जहां संदिग्ध हालात में उसने जहर खा लिया। काफी देर बाद जब स्वजन खोजने गए तो वह वहां बेसुध पड़ा था। उसे लेकर सीएचसी पहुंचे वहां डा. सौरभ शाक्य ने जहरीला पदार्थ खाने की आशंका से हालत बिगड़ती देख कानपुर रेफर कर दिया। पिता श्यामसिंह के अनुसार वह निजी वाहन से बेटे को इलाज के लिए कानपुर के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे तभी अंगदपुर के पास बेटे की मौत हो गई। इससे मां मनोरमा, छोटा भाई विकास, ललित आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि जनवरी माह में रोशनमऊ रूरा निवासी एक फोटोग्राफर के साथ हुई मारपीट व उगाही की घटना में वह जेल गया था। जहां से वह दो फरवरी को जमानत पर छूटकर आया था और तनाव में रहता था। थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है।
