कन्नौज में व्यापारियों से 12 लाख रूपये कीमत के खस के तेल की लूट, टेंपो पर सवार होकर आए थे लुटेरे
Sun, 17 Apr 2022
कन्नौज में सीतापुर जिले से आर्डर पर खस का तेल लेकर आए दो व्यापारियों को टेंपो सवार बदमाशों ने लूट लिया और भाग गए। लूटे गए तेल की कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने टेंपो को पकड़ लिया, जबकि आरोपित नहीं मिले हैं। पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का दावा है कि घटना के अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
रविवार शाम को जनपद सीतापुर के थाना महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम बंभौरा निवासी खस व्यापारी अभिषेक व भूपेंद्र सिंह सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि कन्नौज से उन्हें फोन पर 125 लीटर खस के तेल का आर्डर दिया गया था। माल की डिलीवरी के लिए नगर कोट मंदिर बताया गया था। वह अपनी निजी कार में चार कैन में खस का तेल लेकर नगर कोट मंदिर पर पहुंचे तो वहां टेंपो पर सवार होकर चार लोग आए और उनसे खस के तेल के आर्डर के बारे में बात की। उन्होंने कैन उतार टेंपो में रख लीं। जब उन्होंने तेल के दाम 12 लाख रुपये मांगे तो वह धमकी देने लगे और टेंपो लेकर भाग गए।
पीड़ित व्यापारियों की शिकायत पर प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार दुबे ने तत्काल तलैया चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा को मौके पर भेजा। उन्होंने पता किया तो टेंपो का नंबर ट्रेस हो गया, जिस पर चौकी प्रभारी ने देर शाम टेंपो समेत चालक को पकड़ लिया। उसने पुलिस को बताया कि चार युवकों ने टेंपो किराये पर लिया था। चार कैनों को हरदेवगंज मोहल्ले में गुड्डू यादव के यहां उतारा गया था।
देर शाम पुलिस ने गुड्डू के घर दबिश दी तो वह नहीं मिला। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। चारों बदमाशों ने फूल मती देवी मंदिर के पास टेंपो को 160 रुपये किराये पर लिया था। चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना से संबंधित अहम सुराग हाथ लगे हैं। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस घटना को लेकर लगातार छापामारी कर रही है। दो बदमाशों को ट्रेस कर लिया गया है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
