कानपुर देहात में सिकंदरा थाना क्षेत्र के इटावा कानपुर हाईवे रोड पर रसधान कस्बे के समीप पुलिस चौकी के सामने तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इससे युवक की मौत हो गई जबकि उसके पिता, मां व भाई घायल हो गए। पुलिस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए तत्काल सीधे जिला अस्पताल भिजवाया गया। परिवार अलीगढ़ में किसी रिश्तेदार के यहां से शादी समारोह से लौट रहा था।
मंगला विहार न्यू पीएसी लाइन चकेरी कानपुर नगर के रहने वाले मनु पचौरी एयरफोर्स में तैनात हैं। रविवार को वह अपनी कार से अलीगढ़ रिश्तेदारी से शादी समारोह कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। कार में पत्नी अर्चना पचौरी, 20 वर्षीय बेटा असीर पचौरी व 10 वर्षीय विहान भी साथ था। कार रसधान कस्बे के पास हाईवे पर गुजर रही थी। पुलिस चौकी के सामने सड़क किनारे मौरंग लदे ट्रक में पीछे से घुस गई। इससे सभी घायल हो गए। अशीर को जिला अस्पताल में डा. पवन पार्या ने मृत घोषित कर दिया। सिकंदरा थानाध्यक्ष राम गोविंद मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए भिजवाया गया है। हादसे में युवक की हुई मौत पर परिवार के लोग पोस्ट मार्टम नहीं कराना चाह रहे थे, इसके बाद सहमति से शव को लेकर चले गए।
