खदान कर्मियों में मारपीट और फायरिंग, कई थानों की फोर्स लेकर पहुंचे एएसपी, 25 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
Sun, 17 Apr 2022
जालौन में कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पथरेहटा खंड संख्या 5 और 6 के खदान कर्मियों में गाड़ियां खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि खदान छह के कर्मियों ने खदान 5 के बैरियल में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर फायरिंग शुरू कर दी। इसके साथ ही खंड में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी।
सूचना पर रात में एएसपी और एसडीएम कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एक पक्ष के तहरीर पर तीन नामजद और 40-50 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, खंड छह के कर्मियों ने मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें कि ग्राम पथरेहटा खंड संख्या 5 के कर्मी अमित राज निवासी झांसी ने पुलिस को तहरीर दी है।
खदान कर्मियों में मारपीट के टूटी हुई जेसीबी
शनिवार रात 9 बजे के लगभग सभी कर्मचारी कार्य कर रहे थे। तभी अचानक कल्याण सिंह यादव, सोहन सिंह यादव सोनू के साथ 40 से 50 अज्ञात लोग आए और लाइसेंसी बंदूकों और अवैध असलहों से फायर करना शुरू कर दिया।
कुछ समझ पाते इससे पहले आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों व बंदूक की बटों से हमला कर दिया। बैरियल को कब्जे में लेकर लगा सोलर प्लांट, लैपटॉप और नेटवर्किंग टावर, जेसीबी मशीन, कार, कैंपर, कंटेनर, कैमरे, लोडर सहित अन्य सामान को तोड़ दिया। बैरियल में रखे 54 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया।
मारपीट से कर्मी छिद्दू व सद्दाम को गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने बैरियल को करीब दो घंटे तक कब्जे में रखा। इस घटना को अंजाम बलवंत सिंह उर्फ गुड्डू सिंह निवादा हमीरपुर ने दिलाया है। क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है पुलिस ने तहरीर के आधार पर कल्याण सिंह यादव, सोहन सिंह यादव सोनू सहित 40-50 अज्ञात के विरूद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के ईश्वरी निवासी निवादा हमीरपुर ने अज्ञात कर्मियों के विरुद्ध तहरीर देकर चालकों के साथ मारपीट व लूट का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत ओझा ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
