उन्नाव। उन्नाव में चुनाव को लेकर एक बार फिर से आपराधिक घटनाएं बढऩी शुरू हो गईं है। इनके आगे पुलिस भी मौन है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जिले के पुरवा ब्लॉक के प्रमुख पद के दावेदार के बेटे पर बुधवार देर रात हमला हो गया। हमले में उनके व कार चालक के साथ मारपीट के बाद लूट भी की गई। पीडि़त ने ब्लॉक से सपा उम्मीदवार के खिलाफ पुरवा कोतवाली में खिलाफ तहरीर दी। गुरुवार की सुबह पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ नामजद व तीन अज्ञात के विरुद्ध लूट व जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। भाजपा ने सतीश चौधरी को ब्लॉक पुरवा से अपना प्रत्याशी बनाया है। इस पद के लिए नामांकन से एक दिन पहले भाजपा प्रत्याशी के बेटे दीपांशु ने सपा उम्मीदवार रामदेवी व उनके समर्थकों के खिलाफ बुधवार देररात जानलेवा हमला कर 40 ग्राम सोने की चेन व 53 हजार रुपये लूटने का आरोप लगा पुरवा कोतवाली में तहरीर दी थी। दीपांशु ने बताया कि देर रात वह घर लौट रहे थे तभी धिरजीखेड़ा नहर पुल के पास सपा प्रत्याशी रामदेवी सोनकर उनके देवर सपा नेता सर्वेश सोनकर व उनके समर्थकों ने जानलेवा हमले की नियति से चालक पर फायर कर दिया और जमकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन लोगों ने सोने की चेन व 53 हजार रुपये लूट लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुरुवार की सुबह आठ नामजद व तीन अज्ञात के विरुद्ध लूट व जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
2021-07-08
