कानपुर देहात में आग से गेहूं की 100 बीघा फसल खाक, तीन घंंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू

कानपुर देहात में रसूलाबाद क्षेत्र के मलखानपुर में संदिग्ध हालात में गेहूं के खेत में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि बगल गांव के चीतीपुर तक खेतों में पहुंच गई। ग्रामीणों संग ईओ भी पेड़ की टहनी लेकर आग बुझाने में जुट गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने किसी तरह से आग पर काबू किया। आग से करीब 100 बीघा फसल जल गई। किसानों ने मुआवजे की मांग की है।

मलखानपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शिवपाल सिंह चौहान के खेत में रविवार दोपहर करीब दो बजे संदिग्ध हालात में आग लग गई। आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने का काम शुरू किया लेकिन सफल नहीं हेा सके। धीरे धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इधर जानकारी पर एसडीएम डा. जीतेंद्र कटियार, नायब तहसीलदार मनोज रावत, ईओ दिनेश कुमार शुक्ला व अन्य अधिकारी पहुंच गए। पेड़ की टहनी लेकर ईओ ग्रामीणों संग आग बुझाने में जुट गए। लेकिन हवा चलने से आग शांत न हुई। पास के गांव चीतीपुर तक के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल की दो गाड़ियां पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू हुआ। ग्रामीण भी लगातार जुटे रहे। वहीं पानी खत्म होने पर नलकूप से भरकर बार बार दमकल की गाड़ियां आती जाती रहीं। शाम करीब पांच बजे जाकर आग पर किसी तरह से काबू किया जा सका। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लेकिन आग से किसानों का काफी नुकसान हो गया। आग से चीतीपुर निवासी सभासद सोहेल अहमद, मलखानपुर निवासी सबद अली, तबस्सुम, बतीक अहमद, शहीद, सिराज बाबू समेत कई किसानों की फसल जल गई।अपनी मेहनत को बेकार होता देख कई लोग रो भी पड़े। क्षेत्रीय लेखपाल शिवाकांत आकलन में जुट गए। एसडीएम ने बताया कि आग भयावह थी किसी तरह से इसे काबू किया गया। क्षति आकलन रिपोर्ट बनाई जा रही है, किसानों को सहायता दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *