कानपुर देहात की डीएम ने सीडीओ के साथ अकबरपुर स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने गोवंशीय मवेशी को दिए जा रहे चारा की गुणवत्ता के साथ खली, चूनी व चोकर आदि स्टाक भी देखा। उन्होंने नगर पंचायत ईओ से गायों के खानपान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। वहीं गर्मी का प्रकोप दिन ब दिन बढ़ने के कारण दिन में कई बार पानी पिलाने को कहा।
डीएम नेहा जैन ने सीडीओ सौम्या पांडेय के साथ अकबरपुर नगर पंचायत के कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया, उन्हें 267 गोवंशीय मवेशी मौजूद मिले। उन्होंने ईओ देवहूति पांडेय सहित व्यवस्था देख रहे कर्मचारियों आदि से दिए जा रहे हरा चारा, चूनी चोकर, पानी आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गोवंशीय की समुचित देखरेख के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया और कहा कि देखरेख में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गोबर गैस प्लांट, कर्मचारी आवास, चारा काटने वाली मशीन, भूसा कक्ष, स्टाक रजिस्टर आदि का जायजा लिया। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. देवकीनंदन लवानिया, एसडीएम अकबरपुर बागीश कुमार शुक्ला मौजूद रहे।
