सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पूरे प्रदेश में बिना अनुमति धार्मिक स्थलों पर लगाए गए लाउडस्पीकर हटवाए जा रहे हैं, जबकि जो अनुमति के साथ लगे हैं, उनमें आवाज नियंत्रित की जा रही है। प्रदेश के सभी जनपदों में लाउडस्पीकर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की जा रही है। कानपुर जोन के दस जनपदों में कमिश्नरेट और इटावा में अब तक सर्वाधिक कार्रवाई हुई हैं।
एडीजी भानु भाष्कर और संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी की ओर से जो आंकड़े पेश किए हैं, उसके मुताबिक जोन में 1843 धार्मिक स्थलों से बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकर हटवाए गए हैं, जबकि 2913 स्थानों से ध्वनिविस्तारक यंत्रों की आवाज कम की गई। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के की गई। ऐसे सभी धार्मिक स्थल, जहां बिना अनुमति के लाउडस्पीकर लगे थे, उन्हें हटवा दिया गया। इस कार्रवाई से न केवल ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि सुबह शाम इसकी वजह से आसपास के लोगों को भी राहत मिलेगी। एडीजी ने बताया कि शनिवार तक रिपोर्ट शासन को भेजी जानी थी, जिसे भेज दिया गया है, लेकिन अभियान चलता रहेगा। जहां से लाउडस्पीकर हटवाए गए हैं, वहां अगर दोबारा शिकायत मिली तो इस बार कानूनी कार्रवाई भी होगी
2022-05-01
