
विज्ञप्ति
कानपुर नगर, दिनांक 02 मई, 2022 (सू0वि0)
अपर मुख्य सचिव (कृषि) डा0 देवेश चतुर्वेदी की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में बैठक आहूत की गयी। बैठक में मेट्रो के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया है कि मेट्रो के डिपो निर्माण के लिये चन्द्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्व विद्यालय कानपुर (सी0एस0ए0) की 14.06 हे0 भूमि मेट्रो को उपलब्ध करायी जायेगी, जिस भूमि को चिन्हित कर लिया गया हैं। इसके स्थान पर चन्द्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्व विद्यालय (सी0एस0ए0) कानपुर को 14.06 हे0 भूमि कृषि विभाग के प्रक्षेत्र से स्थानातरित की जायेगी जिसका प्रस्ताव शासन को प्राप्त हो चुका है। कृषि विभाग नये प्रक्षेत्र विकसित करने हेतु जनपद कानपुर नगर में अतिरिक्त भूमि चिन्हित कर 15 दिन में शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने का निर्देश अपर मुख्य सचिव (कृषि) उ0प्र0 शासन द्वारा दिया गया हैं।
उ0 प्र0 सरकार के संकल्प से आच्छादित महत्वपूर्ण बिन्दु यथा एफ0पी0ओ0 का गठन एवं कृषि उत्पादन के विपणन, पी०एम०-किसान योजना, पी0एम0 कुसुम योजना (सोलर पम्प वितरण) एवं गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने एवं अन्य बिन्दु (पी०एम०किसान, सोशल आडिट, ई-के0वाई0सी0 की प्रगति, किसान क्रेडिट कार्ड) की समीक्षा की गयी। अपर मुख्य सचिव (कृषि) द्वारा अपेक्षा की गयी कि मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी अपने स्तर से हर माह सतत् अनुश्रवण करें तथा समस्याओं का निराकरण करते हुए लक्ष्यों की शतप्रतिशत पूर्ति कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मण्डलायुक्त डा0राजशेखर, जिलाधिकारी महोदया श्रीमती नेहा शर्मा, कुलपति चन्द्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्व विद्यालय (सी0एस0ए0) कानपुर, मुख्य अभियंता मेट्रो, नहर विभाग के अधीक्षण अभियंता, संयुक्त कृषि निदेशक कानपुर मण्डल, कानपुर, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कानपुर नगर एवं उप कृषि निदेशक कानपुर नगर आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे
