
सड़कों के किनारे अतिक्रमण न करने की डीएम ने दी हिदायत
Thu, 05 May 2022
कानपुर देहात में सुगम व सुरक्षित यातायात के लिए सड़क के किनारे अतिक्रमण न किया जाए। स्थानीय अधिकारी इसको लेकर गंभीरता बरतें। वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह बात डीएम नेहा जैन ने भोगनीपुर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सड़क के किनारे अतिक्रमण मिलने पर नाराजगी जताते हुए कही।
भोगनीपुर तहसील क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार को डीएम ने पुखरायां कस्बा, सब्जी मंडी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, प्राथमिक विद्यालय श्रीरामपुर, रामस्वरूप ग्रामोद्योग विद्यालय सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर के आस-पास गंदगी मिली। उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्राचार्य को निर्देशित किया कि यहां पर प्रतिदिन साफ सफाई कराई जाए। वहीं पुखरायां कस्बे में निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे फल व सब्जी की ठेली मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि कस्बे में हो रहे अतिक्रमण को हटाया जाए। इसके साथ ही सड़क के किनारे लगे ठेलों को सब्जी मंडी में लगवाएं। इसके साथ ही उन्होंने पालीथिन को बंद करने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए
