महिला की गोली मारकर हत्या

कानपुर । बिठूर थाना क्षेत्र के मकसूदाबाद गांव में पति से अलग होकर अकेली रह रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और पुलिस ने छानबीन की। फोरेंसिक टीम को शव के पास चिप्स का पैकेट और चाय के दो कप पड़े मिले। दो कप इशारा कर रहे थे कि किसी करीबी ने ही घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अफसरों ने घटनास्थल पर जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ की है।

भाई सुनील ने पुलिस को बताया 30 वर्षीय बहन शशि उर्फ अंगूरी गौतम की शादी ग्राम भटौली थाना अरियारी औरया में रहने वाले संतोष से हुई थी। उनके तीन बेटे अमित(13), मंगली(11) और सनी (8) है। करीब सात साल से पति से बहन का विवाद चल रहा है और वह मायके सिंहपुर शिवली कानपुर देहात में रहने लगी थी। करीब दो साल से वह दो बेटों अमित और सनी के साथ बिठूर के मकसूदाबाद गांव में मकान बनवाकर रह रही थी। एक बेटा मंगली पति संतोष के साथ औरैया में रहता है।

पड़ोस में रहने वाले बबलू शर्मा ने बताया रात को परिवार घर की छत पर सो रहा था। करीब 2 बजे उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी थी। देर रात तक उन्होंने महिला को मोबाइल चलाते छत से देखा था। सुबह घर पर लोगों की भीड़ लग गई और अंगूरी का रक्तरंजित शव चारपाई के नीचे पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके गांव में महेश चन्द्र को सूचना दी। महेश की सूचना पर आई पुलिस ने छानबीन की।

बिठूर पुलिस और एसीपी कल्याणपुर दिनेश शुक्ला मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। महिला के सिर के पीछे कनपटी के पास गोली मारी गई थी। चारपाई पर एक मिस फायर बुलेट मिली। वहीं एक चिप्स का पैकेट और दो कप चाय के पड़े मिले। गैस चूल्हे पर तेज से भरी कड़ाई चढ़ी मिली। इससे संदेह है कि हत्या में किसी करीबी का हाथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *