
कोतवाल पर अभद्रता का आरोप लगा बजरंग दल कार्यकर्ताओं का हंगामा
Sat, 07 May 2022
कानपुर देहात में अकबरपुर कोतवाल पर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला संयोजक ने अभद्रता करने व थप्पड़ मारने की धमकी देने का आरोप लगाया और थाने में कार्यकर्ताओं संग हंगामा किया। आरोप है कि कोतवाल विनोद पांडेय ने गोतस्करों की सूचना देने पर कहा कि रोजाना का यह ड्रामा हो गया है। सीओ को शिकायती पत्र दिया गया है।
शनिवार को राष्ट्रीय बजरंग दल जिला संयोजक गौरव शुक्ला संग कार्यकर्ता अकबरपुर थाने पहुंचे और धरना देकर नारेबाजी की। जिला संयोजक का कहना था कि शुक्रवार रात को बारा टोल के पास ट्रक से गोतस्करों के जाने की सूचना थाना प्रभारी को दी तो उन्होंने 112 नंबर मिलाने को कहा। इसके बाद चौकी पुलिस व 112 नंबर पर सूचना दी। दो आरोपित पकड़े गए जबकि एक भाग निकला, ट्रक में आठ गाय व पांच गोवंशी मवेशी मिले। इसके बाद थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करने की बात की तो कोतवाल भड़क उठे। गाय काटने को लेकर उदाहरण देने लगे कि अगर लड़की की शादी हो जाती है तो ससुराल में उसके साथ मारना- पीटना उसकी किस्मत है। इसका विरोध किया तो कोतवाल ने थप्पड़ मारने की धमकी दी और कहा कि मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दूंगा। तस्करों को पकड़ने का रोजाना का ड्रामा बनाकर रखे हो। कार्यकर्ताओं ने निलंबन की मांग की और जय श्रीराम का जयघोष लगाया। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि अभद्रता जैसी कोई बात नहीं है। आपस में तेज आवाज में बात हुई थी। बातचीत के जरिए मामला शांत करा दिया गया है जो आरोपित पकड़े गए हैं, उनके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की गई है
