भूमाफिया बृजेश सिंह चौहान कल्याणपुर से गिरफ्तार, धोखाधड़ी के 11 मुकदमे हैं दर्ज, बिनगवां प्रकरण से चर्चा में आया
Sun, 08 May 2022
कानपुर के बिनगवां प्रकरण से चर्चाओं में आए और हाल ही में भूमाफिया की सूची में शामिल किए गए बृजेश सिंह चौहान को कल्याण पुर ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे बिधनू थाने में वर्ष 2019 में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे में अदालत से जारी वारंट पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

रियल स्टेट कंपनी बीएसीएल का संचालक ब्रजेश सिंह कल्याणपुर थानाक्षेत्र के सी ब्लाक पनकी रोड का रहने वाला है। इसने तीन आराजी की करीब तीन बीघा जमीन पर रकबा बढ़ाकर 88 लोगों को रजिस्ट्री कर दी लेकिन इन लोगों को कब्जा अरबन सीलिंग की करीब 10 बीघा जमीन पर करा दिया। राजस्व विभाग की कर्मचारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर दाखिल खारिज भी हो गया। पिछले दिनों राजस्व व केडीए की टीम पर हमला हुआ तो प्रकरण सामने आया। डीएम ने सख्ती के साथ अवैध निर्माण ढहा दिए। साथ ही बृजेश सिंह पर मुकदमा भी दर्ज हुआ। पिछले दिनों डीएम ने भूमाफिया सेल की बैठक में बृजेश सिंह का नाम भूमाफिया की सूची में शामिल कर लिया।

अब इस प्रकरण में कल्याणपुर पुलिस ने रविवार को बृजेश सिंह को गिरफ्तार किया है कल्याणपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि बृजेश के खिलाफ वर्ष 2019 में धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामला अदालत में विचारा धीन है। पिछले दिनों अपर सिविल जज (जूनियर डिविजन) कोर्ट नंबर 11 से उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ था। रविवार को पुलिस ने बृजेश सिंह के आवास पर छापा मारा और गिरफ्तार कर लिया।

जयपुर में भी दर्ज है मुकदमा

डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि बृजेश सिंह के खिलाफ विभिन्न थानों में धोखाधड़ी की धाराओं में करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ राजस्थान के जयपुर जिले में भी कई अभियोग पंजीकृत हैं। आरोपित के खिलाफ कल्याणपुर में तीन, बिधनू में पांच और कोतवाली नगर में दो मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *