कानपुर: अभद्रता के आरोप में सपा विधायक समेत चार पर रिपोर्ट, कब्जे हटवाने पहुंची पुलिस से हुई थी विधायक की नोकझोंक
Wed, 11 May 2022
कानपुर के सिविल लाइंस में जमीन कब्जा मुक्त कराने पहुंचे पुलिस कर्मियों से अभद्रता और नोकझोंक के मामले में तत्कालीन कोतवाली इंस्पेक्टर ने सपा विधायक समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। छह मई को एडीएम सिटी के आदेश पर तत्कालीन इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह मय फोर्स गांधी ग्राम उद्योग के पास स्थित निजी जमीन को कब्जा मुक्त कराने पहुंचे थे।

आरोप है कि मौके पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई अपने समर्थकों के पहुंचे और पुलिस कर्मियों से अभद्रता करते हुए कार्य रुकवा दिया था। काबिज लोगों को विरोध के लिए उकसाया। वहीं, विधायक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह एडीएम सिटी को अभद्र शब्दों का प्रयोग करते सुने गए। मंगलवार को इंस्पेक्टर अजय कुमार ने वादी बनकर विधायक समेत चार लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन, लोक सेवक को धमकी देना, मानहानि समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सरकारी जमीन पर अनैतिक कब्जे को रोकना कब से सरकारी कार्य में बाधा डालने की श्रेणी में आ गया है। इस मामले में मैंने भी कोतवाली थाने में तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।- अमिताभ बाजपेई, सपा विधायक, आर्यनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *