थाने में कोतवाल और दारोगा के बीच गुत्थम-गुत्था, खूब चली लाठी और लात घूंसे
Sat, 14 May 2022
बांदा की नरैनी कोतवाली परिसर शनिवार को अखाड़ा बन गई। खाकी ही आपस में भिड़ गई। दारोगा ने कोतवाल की लाठियों से पिटाई कर दी। जवाब में जमकर गुत्थम गुत्था हुई। विवाद छेड़खानी की पीड़िता के पिता का ही चालान कर दिए जाने पर शुरू हुआ। महकमे में मारपीट की सूचना आलाधिकारियों तक पहुंच गई। कोतवाली में अधिकारियों की आमद शुरू हो गई। देर शाम तक सीओ और कोतवाल ने मीडिया के फोन उठाने से परहेज दिया। एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मारपीट व विवाद मामले की जांच कर कार्रवाई होगी। आइजी एसके भगत ने कहा कि अनुशासनहीनता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। इधर, आरोपित दारोगा के निलंबन की चर्चा है। पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।

एक गांव निवासी बहनों से वहीं के युवक छेड़खानी कर जबरन विवाह का दबाव दे रहे थे। समुदाय विशेष के युवकों के खिलाफ आरोप है कि वह वीडियो वायरल कर बदनाम करते थे। पीड़िता के पिता इसकी शिकायत लेकर पहुंचे थे। जिसके बाद हल्का इंचार्ज आशीष पटेरिया ने उनका ही चालान कर दिया। विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष के दखल के बाद शुक्रवार देर रात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

हमारे हल्के का मामला है पर बिगड़ी बात

कोतवाली सूत्र बताते हैं कि शनिवार शाम को दारोगा आशीष पटेरिया व कोतवाल राकेश तिवारी के बीच इसी मामले को लेकर बातचीत शुरू हुई। बताते हैं कि दारोगा ने हमारे हलके का मामला है कहकर तूल दे दिया। इसके बाद बढ़ा विवाद मारपीट पर पहुंच गया। अपराधियों पर बरसने वाली लाठी खाकी के बीच चलने लगी। हंगामा देख स्टाफ जुट गया और किसी तरह दोनों को अलग किया।

ऊपर तक पहुंची बात

खाकी के बीच जमकर हुई मार पीट की बात ऊपर तक पहुंच गई। सूत्र बताते हैं कि देर शाम एसपी अभिनंदन भी कोतवाली पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इधर, एएसपी ने लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि पीड़िता के पिता का धारा 151 में चालान करने के मामले में विवाद के बाद मारपीट की सूचना मिली। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। विभागीय कार्रवाई की भी अनुशंसा की जाएगी। इधर, दारोगा के निलंबन की चर्चा है पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *