हीटस्ट्रोक के छह और डायरिया के 29 मरीज भर्ती
Mon, 16 May 2022
उन्नाव में बदन झुलसा देने वाले गर्म हवा के थपेड़ों की चपेट में आकर छह लोग हीट स्ट्रोक का शिकार हो गए सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथ ही जिला अस्पताल ओपीडी बंद रहने से इमरजेंसी में डायरिया और बुखार के मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। शाम पांच बजे तक डायरिया के 29 मरीज भर्ती किए गए जिनमें 17 बच्चे शामिल हैं। बुखार के आठ मरीज भर्ती किए गए जिनमें दो को टाइफाइड होने की पुष्टि हुई है।
बदन झुलसा देने वाली गर्म हवा के साथ ही संक्रामक रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही दूषित पानी से होने वाली पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों के संख्या भी बढ़ी है। रविवार को हीट स्ट्रोक से बेहोश हुए वीरेंद्र, अनुराग, रमेश समेत छह मरीजों को जिला अस्पताल इमरजेंसी ले जाया गया जहां उपचार के बाद वह होश में आए। डाक्टर ने गर्मी से बचाव करने की सलाह देकर उन्हें घर भेज दिया। मरीज बढ़ने से बेड की किल्लत भी बढ़ती जा रही है। एक बेड पर दो मरीज लिटाने के बाद भी बेड कम पड़ रहे हैं। रविवार को ओपीडी बंद रहने से जुकाम बुखार और उल्टी, दस्त तथा पेट दर्द मरीजों की इमरजेंसी में लाइन लगी रही। सीएमएस डा. पवन कुमार ने बताया कि 17 बच्चों समेत डायरिया के 29 मरीज भर्ती किए गए हैं। जबकि बुखार के आठ मरीज भर्ती किए गए जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।
—
दो और मिले कोरोना पाजिटिव
– धीरे-धीरे जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को दो और कोरोना पाजिटिव केस मिले हैं जिनमें एक बीघापुर ब्लाक क्षेत्र और दूसरा सफीपुर ब्लाक क्षेत्र का निवासी है। इसी के साथ कोरोना पाजिटिव सक्रिय केस की संख्या बढ़कर पांच हो गई है
