राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के कानपुर आवास के आस-पास मिली गंदगी, नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य अफसर को हटाया
Wed, 18 May 2022
कानपुर शहर के इंदिरा नगर स्थित राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के निजी आवास के आसपास, मकड़ी खेड़ा, पत्रकारपुरम समेत कई इलाकों में गंदगी मिलने से नाराज नगर आयुक्त ने जोन छह के स्वास्थ्य अफसर को हटा दिया। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अफसर व कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के आदेश पर प्रदेश में सौ दिन का सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसकी लखनऊ से मानीटरिंग की जा रही है। इसको लेकर नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने शहर की सफाई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 40 अफसर तैनात किए हैं।
इसके तहत नगर आयुक्त ने मंगलवार को जोन छह का निरीक्षण किया। इस दौरान न्यू अशोक नगर, कल्याणपुर से बैरी गांव तालाब, महर्षि दयानंद विहार, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के निजी आवास इंदिरा नगर के आसपास, मंकड़ीखेड़ा, पत्रकार पुरम समेत कई इलाकों में गंदगी फैली मिली। प्रथम दृष्टया जोनल स्वास्थ्य अफसर श्रीराम चौरसिया की लापरवाही सामने आई। उनके द्वारा पर्यवेक्षण नहीं किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने उनको हटाकर मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से संबद्ध कर दिया है। सफाई निरीक्षक अशोक कुमार को जोन छह का जोनल स्वास्थ्य अधिकारी तैनात किया गया है।
