यूपी एटीएस ने रविवार को लखनऊ के काकोरी इलाके में छापेमारी की

लखनऊ: यूपी एटीएस ने रविवार को लखनऊ के काकोरी इलाके में छापेमारी की. एटीएस ने काकोरी के दुबग्गा थाना क्षेत्र से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि दोनों संदिग्धों के कनेक्शन अलकायदा से हैं.

इससे पहले एटीएस ने दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. जिस मकान से संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा गया, वह काकोरी के रिंग रोड पर स्थित है. छापे के दौरान एटीएस ने एहतियात के तौर पर मकान के आसपास के घरों को खाली करा दिया था. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. एटीएस ने मौके से दो प्रेशर कुकर बम, एक अर्ध निर्मित टाइम बम और 6-7 किलो विस्फोटक मिलने का दावा किया है.कथित तौर पर दोनों संदिग्ध काकोरी इलाके के एक घर में छिपे हुए थे. एटीएस टीम को उनकी मौजूदगी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी और पिछले एक हफ्ते से वह उन पर नजर रख रही थी. आईजी एटीएस जी.के. गोस्वामी के नेतृत्व में बनी टीम ने उनके इलाके को घेर लिया और दोनों को एक घर से गिरफ्तार कर लिया.इस घर में वसीम नाम का एक किराएदार पिछले 15 साल से रहता था. घर में एक मोटर गैरेज भी है. एटीएस सूत्रों के मुताबिक, घर से दो प्रेशर कुकर बम, एक डेटोनेटर और 6 से 7 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया है. बम निरोधक दस्ते को घटनास्थल पर बुलाया गया है और आसपास के घरों को खाली करा लिया गया है.आईजी ने गिरफ्तार व्यक्तियों के नामों का खुलासा नहीं किया और कहा कि पूछताछ के बाद आगे के विवरण का खुलासा किया जाएगा.भाजपा नेताओं को निशाना बनाने की थी योजना!
एटीएस सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों संदिग्ध आतंकियों ने लखनऊ में एक भाजपा सांसद और भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाने की योजना बनाई थी. विभिन्न एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा बलों की एक मजबूत टुकड़ी मौके पर पहुंच गई है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *