निकाह कुबूल हुआ फिर दूल्हा मांग बैठा ऐसी चीज फिर नहीं हुई दुल्हन की विदाई और बैरंग लौट गई बरात
Tue, 24 May 2022
औरैया में सहायल थाना क्षेत्र के पूरा कला गांव में निकाह की खुशियों के बीच अचानक सन्नाटा छा गया। शाम को आई बरात का स्वागत हुआ, जयमाल पड़े और निकाह भी कुबूल हुआ। सुबह दुल्हन की विदाई से पहले दूल्हे ने ऐसी चीज मांग दी कि विवाद शुरू हो गया। मामला थाना पुलिस तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्ष अपनी जिद पर अड़े रहे। अंत में दुल्हन की विदाई नहीं हुई और बरात बैरंग लौट गई।

बेला थानांतर्गत नुनानी गांव से बरात पूरा कला गांव में आई थी। सोमवार देर शाम वैवाहिक कार्यक्रम सुचारू रूप से चला। लड़की पक्ष ने दिल खोलकर बरातियों की खातिरदारी की। दुल्हा दुल्हन के बीच निकाह कुबूल हुआ और फूलों का हार भी एक दूसरे को पहनाया। इसकेबाद सुबह दुल्हन की विदाई का समय आया तो दूल्हे की मांग ने सभी को सन्न कर दिया और खुशियों के बीच सन्नाटा छा गया। दूल्हे ने वधू के पिता के सामने बुलेट व दो लाख रुपये की मांग रख दी। दुल्हन के पिता ने अपनी पगड़ी रखते हुए मांग पूरी कर पाने में असमर्थता जताई तो दूल्हे ने दुल्हन को साथ ले जाने से मना कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया।

लड़की पक्ष का आरोप है कि समझाने की कोशिश की तो बरातियों ने मारपीट कर दी। इसमें दुल्हन का चचेेरा भाई घायल हो गया। इन सब के बीच दूल्हा अपनी बात पर अड़ा रहा। बात बनती न देख लड़की पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। दोनों पक्षों ने थाने पहुंंचकर रिश्ता न रखने व निकाह तोड़ने का समझौता कर लिया। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *