कानपुर शहर में भोर के लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से बदमाश घायल और साथी हो गया फरार
Tue, 24 May 2022
कानपुर साउथ क्षेत्र में महिलाओं से चेन और मंगल सूत्र लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बाइक सवार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक मोबाइल, बाइक व 4120 रुपये बरामद किए।

एडीसीपी साउथ मनीष सोनकर ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नौबस्ता अर्रा रोड पर बाइक सवार दो युवक लुटपाट करने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ की विशेष टीम और नौबस्ता पुलिस ने दोनों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर ली। इस पर बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस पर फायर कर दिया।

जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। गोली एक बदमाश के पैर में लगने से वह गिर गया। जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने घायल को काशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने अपना नाम मूलरूप से फतेहपुर निवासी अंशू वर्मा है।वर्तमान में वह आवास विकास हंसपुरम इलाके में रहता है।जबकि उसके साथी का नाम हंसपुरम निवासी करन सक्सेना बताया। अंशू ने तीनों लूट की वारदातें कबूल की।

सर्राफ को बेची थी लूटी हुई चेन :

एसीपी गोविंदनगर विकास पांडेय ने बताया कि अंशू ने तीनों लूटी हुई चेन व मंगलसूत्र को एक सर्राफ को बेचने की बात बताई है। पुलिस अब सर्राफ का पता लगाएगी और चेन की बरामदगी का प्रयास करेगी।

अंशू पर 10 मुकदमे हैं दर्ज :

एडीसीपी के मुताबिक, अंशू के खिलाफ नौबस्ता में लूट, बलवा, अपहरण, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, किदवईनगर में लूट, छिनैती, बर्रा में लूट के 10 मुकदमे दर्ज हैं।

इनकी लूटी थी चेन और मंगल सूत्र :

एडीसीपी ने बताया कि मंगलवार को भोर के लुटेरों ने किदवई नगर में एम ब्लाक निवासी दीपा चक्र वर्ती की चेन और बर्रा दो में रोड वेज कर्मी राजेश कुमार यादव की भी चेन लूट ली। इसके बाद गुरुवार को नौबस्ता क्षेत्र के किदवई नगर के-वाई ब्लाक रोड पर बबिता भटनागर का मंगलसूत्र लूटा था। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो तीनों ही वारदातों में नीले रंग की अपाचे बाइक और दो युवक की फुटेज मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *