पुलिस की लापरवाही से मां की मौत के बाद बेटे के अपहरण की रिपोर्ट

पुलिस की लापरवाही से मां की मौत के बाद बेटे के अपहरण की रिपोर्ट, सपाइयों का हंगामा
Sun, 11 Jul 2021
कानपुर कोतवाली से लौटकर फंदा लगा महिला के जान देने के बाद जागी पुलिस ने रविवार को उसके बेटे के अपहरण और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने आदि धाराओं में बैंक कैशियर समेत तीन नामजद व 36 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर, अस्पताल में स्वजन व सपाइयों ने जमकर हंगामा किया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मवई निवासी श्रीप्रसाद की पत्नी सुधा रैकवार ने शनिवार शाम कोतवाली से घर लौटने के बाद घर के बाहर पोर्च की ग्रिल से रस्सी बांधकर फंदा लगा जान दे दी थी। स्वजन शव लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

मृतका की बेटी रोशनी और मिस इंडिया ताज प्रिंसेज रिया ने बताया कि उसके भाई दीपक रैकवार राममुद्रा नाम की निजी बैंक की शाखा में प्रबंधन का कार्य देखते हैं। बैक में ही कैशियर के पद पर महिला विमल पाठक निवासी ग्राम अछरौड़ की तैनाती है। उन्होंने हिसाब देने में गड़बड़ी की। इससे करीब 30 लाख रुपये का अंतर आ गया। भाई ने जब हिसाब देने को कहा तो उन्होंने मौदहा थाने में भाई के खिलाफ तहरीर दे दी। आठ जुलाई को भाई मौदहा जाने के लिए निकले थे। आरोप है कि कैशियर, सिविल लाइन निवासी दीपक शुक्ला व रवींद्र जैन ने उसके भाई का अपहरण कर लिया। मां सुधा कोतवाली में रिपोर्ट लिखाने गईं, जहां अपहरणकर्ता पहले से मौजूद थे। पुलिस व आरोपितों ने मां के साथ अभद्रता की। मां को शाम तक कोतवाली में बिठाए रखा। शाम को मां कोतवाली से घर पहुंची और खुदकुशी कर ली।

शव उठाने से किया मना तो बचाव में आए एएसपी : पुलिस मृतका के घर पहुंची तो स्वजन ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए शव उठाने के मना कर दिया। शनिवार देररात एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान व सीओ सिटी राकेश कुमार ने आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन देकर शव माच्र्युरी में रखवाया।

बेटी की तहरीर पर दर्ज हुई रिपोर्ट : एएसपी ने बताया कि मृतका की बेटी रोशनी की तहरीर पर तीनों नामजद सहित 35 अज्ञात व एक अज्ञात महिला के खिलाफ अपहरण, आत्महत्या के लिए उकसाने व अभद्रता कर धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

दीपक पर भी दर्ज है मामला : एएसपी ने बताया कि दीपक रैकवार राममुद्रा नाम से बैंक चलाता है। उसमें लाखों रुपये के घपले की शिकायत की गई थी। शिकायत में उनकी ओर से लोगों को जारी चेक बाउंस होने की बात थी। इसमें दीपक रैकवार, उसकी मां सुधा व पिता श्रीप्रसाद के खिलाफ जालसाजी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी मामले की पूछताछ के लिए महिला सुधा को कोतवाली पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *