खिड़की पर मोबाइल फोन रख फेसबुक लाइव करते हुए महिला ने दी थी जान
Sun, 11 Jul 2021
बांदा में महिला के खुदकुशी करने के मामले में कुछ ही देर बाद फंदा लगाते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। मृतका बेटियों ने रविवार को बताया कि मां ने खुदकुशी करने से पहले मोबाइल फोन खिड़की पर रखकर फेसबुक लाइव कर दिया था। वीडियो लाइव होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। उधर, पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है कि यदि लाइव पोस्ट इंटरनेट मीडिया में किसी दूसरे ने डाली है तो यह बड़ा अपराध है। उसे महिला को खुदकुशी करने से रोकना चाहिए था।
खुद को घिरता देख पुलिस ने महिला के भाई को छोड़ा : खुदकुशी करने वाली महिला के स्वजन ने आरोप लगाया कि उनके साथ कोतवाली गए भाई रामकरन को ही पुलिस ने उठाकर बंद कर दिया था। उसे खुदकुशी करने के बाद रात में पुलिस ने छोड़ा है।
घरेलू नाराजगी को लेकर तीन माह से घर पर नहीं था पति : एक तरफ जहां सुधा, उसके पति श्रीप्रसाद व पुत्र के विरुद्ध जालसाजी के आरोप में मुकदमा दर्ज है। वहीं, दूसरी ओर श्रीप्रसाद की बेटियों ने बताया कि पिता का बैंक के मामले में कोई मतलब नहीं था। वह तो करीब तीन माह से घरेलू नाराजगी के चलते घर ही नहीं आ रहे हैं।
कैशियर ने तीन करोड़ के गबन का लगाया आरोप : पुलिस व स्वजन ने बताया कि दीपक रैकवार बैंक की शाखा शहर के क्योटरा समेत नरैनी व मौदहा थाना क्षेत्र में चला रहा था। बैंक की कैशियर विमल पाठक व उनके पक्ष के अन्य लोगों का आरोप है कि दीपक रैकवार ने करीब तीन करोड़ की हेराफेरी की है। इसकी शिकायत कैशियर ने मौदहा थाने में की थी। आरोपों की क्या सच्चाई है। उसके मिलने व जांच के बाद सामने आ सकेंगे।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपित भागे : महिला की बेटी रिया ने बताया कि घटना के पहले उनके घर में आरोपितों ने अपने साथियों के साथ आकर तोडफ़ोड़ व धमकी दी थी। अपहरण का मुकदमा दर्ज होने के बाद नामजद सभी आरोपित फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करे।
कोतवाली से महिला का बाइक सवार कर रहा था पीछा : खुदकुशी करने वाली महिला के स्वजन ने बताया कि कोतवाली से सुधा रोते हुए ई रिक्शे में घर पहुंची थीं। एक बाइक सवार उनका पीछा कर रहा था। इससे रिक्शे से उतरकर घर आने के बाद सुधा ने अपनी मां कुंवरिया से जल्दी दरवाजा बंद करने को कहा था। घर में पहले फंदा लगाने का जब प्रयास किया तो उन्होंने रोक लिया था। कुछ देर बाद जब मां अंदर चली गईं, तब खुदकुशी की है।
