श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, चार घायल गंगा दशहरा पर स्नान को जा रहे थे बिठूर
Thu, 09 Jun 2022
कानपुर देहात के रसूलाबाद में नशेबाज बस चालक के चलते लोगों की जान पर बन आई। गंगा दशहरा पर बिठूर, कानपुर गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर रसूलाबाद-लहरापुर मार्ग पर पलट गई। दुर्घटना में चार घायल हो गए, जिनमें तीन को सीएचसी से कानपुर रेफर कर दिया गया। गनीमत रही कि हादसे में अधिक लोग नहीं घायल हुए। ग्रामीणों की मदद से सभी को बस से निकाला गया।
गुरुवार को गंगा दशहरा पर्व होने के कारण काफी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों से गंगा स्नान के लिए बिठूर गए। उरई के जालौन से बिठूर जा रहे 40 श्रद्धालु बस बुक कर निकले थे। रसूलाबाद-लहरापुर मार्ग पर सियारी नाला के समीप अचानक से चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे ही कच्ची पटरी पर बस पलट गई। इससे जालौन के पचोखरा निवासी 45 वर्षीय रामकुमार, वहीं के घमरौ गांव के 55 वर्षीय बलवीर, चालक 45 वर्षीय रईस खान और 32 वर्षीय राम सेवक घायल हो गए। दुर्घटना होते ही लोगों में चीखपुकार मच गई। पाल नगर के ग्रामीण व राहगीर उन्हें बाहर निकालने में जुट गए। घायलों को पुलिस ने रसूलाबाद सीएचसी भिजवाया। डा. बृजेश कुमार ने रामकुमार, बलवीर और रईस खान की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें एलएलआर अस्पताल (हैलट) कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सुरक्षित यात्रियों को दूसरे साधन से बिठूर के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज होगा। चालक के नशे में होने की जानकारी मिली है।
