झींझक कस्बा के गांधी नगर मोहल्ले में गाली गालौज के विरोध में गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की मां की तहरीर पर गोली लगने से घायल युवक समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा व धमकी की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना 7 जुलाई की है।
कस्बा के गांधी नगर मोहल्ले की रेखा देवी पत्नी जयराम ने मंगलपुर पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि दिनांक 7 जुलाई की शाम वह घर पर बैठी थी। तभी रिंकू उर्फ सुशील गाली गालौज करने लगा। विरोध करने पर वह भाई राजकुमार, संतोष, पिता रामऔतार और भतीजे विकास व आकाश के साथ आया।
सभी ने मिलकर पति जयराम व परिवार के छोटू उर्फ धर्मवीर, गोविंद व राधेकृष्ण को पीट कर घायल कर दिया। बता दें कि 7 जुलाई की शाम को ही मोहल्ले के संविदा सफाई कर्मी रिंकू उर्फ सुशील को मोहल्ले के ही ठेका सफाई कर्मी राधेकृष्ण ने गाली गालौज के बाद गोली मारकर घायल कर दिया था। उसका भतीजा योगेंद्र तमंचे की बट से पिटाई में घायल हुआ था।
घायल रिंकू उर्फ सुशील का हैलट में उपचार हो रहा है। उसके भतीजे सोनू की तहरीर पर पुलिस ने राधेकृष्ण, भाई छोटू, गोविंद व पिता जयराम पर हत्या के प्रयास कीं रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि दूसरे पक्ष की तहरीर पर रिंकू समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज की है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
