सिद्धनाथ घाट में गंगा नहाने गए चार दोस्त डूबे, दो की मौत, गोताखोरों ने दो को बचाया
Fri, 10 Jun 2022
कानपुर में जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट में गंगा नहाने गए चार दोस्त डूब गए। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने दो युवकों को सकुशल बचा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दो युवकों के शवों को बाहर निकाला। साथ ही हादसे की जानकारी स्वजनों को दी। घटना की जानकारी होने पर दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

चकेरी के गिरजा नगर गदियाना निवासी 40 वर्षीय ई रिक्शा चालक पंकज पांडे इलाके में रहने वाले अपने तीन साथी 36 वर्षीय मिस्त्री राकेश रावत, धर्मेंद्र और पंकज वर्मा के साथ निकले थे। जिसके बाद वह चारों सिद्धनाथ घाट गंगा नहाने पहुंच गए। जहां नहाते वक्त नदी के तेज बहाव में आने के कारण चारों डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद गोताखोरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। लेकिन वह धर्मेंद्र और पंकज वर्मा को ही जीवित बाहर निकाल सके। जबकि पंकज पांडे और राकेश रावत गंगा में डूब गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पंकज पांडे और राकेश रावत को नदी से बाहर निकाला। साथ ही उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि सिद्धनाथ घाट में नहाते वक्त 4 युवक डूब गए थे। जिनमें से दो की मौत हो गई है। जबकि दो को गोताखोरों द्वारा बचा लिया गया है। मृतकों के स्वजनों से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *