अभद्र धार्मिक टिप्पणी को लेकर सपा एमएलसी पर मुकदमा, कानपुर के रायपुरवा थाने में दर्ज की गई रिपोर्ट
Sat, 11 Jun 2022
कानपुर के रायपुरवा में अभद्र धार्मिक टिप्पणी को लेकर युवक ने सपा एमएलसी नेता प्रति पक्ष लाल बिहारी यादव के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवक का कहना है कि एक चैनल में इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यह अभद्र टिप्पणी की थी पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
रायपुरवा देवनगर निवासी अंकित बाजपेई ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह एक न्यूज चैनल देख रहा था जिसमें वाराणसी से सपा एमएलसी लाल बिहारी यादव नेता प्रतिपक्ष का इंटरव्यू दिखाया जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान सपा एमएलसी ने अभद्र धार्मिक टिप्पणी की जिससे उसकी और समस्त समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। अंकित का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष की इस टिप्पणी से सांप्रदायिक तनाव हो गया इसे लेकर उसने तहरीर दी। रायपुरवा थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि युवक की तहरीर पर सपा एमएलसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
भारत बंद का भेजकर माहौल बिगाड़ने में मुकदमा, गिरफ्तार
काकादेव शास्त्री नगर निवासी प्राइवेटकर्मी विजय द्विवेदी का बेटा क्षितिज बीए-एलएलबी का छात्र है। काकादेव थाने के एसआई शरदेंदु कुमार पांडेय ने बताया कि 3 जून को नई सड़क पर हुए उपद्रव के बाद क्षितिज ने अपने मोबाइल पर एक वाट्सएप ग्रुप बनाकर खुद एडमिन बनकर 10 जून को भारत बंद की अपील करते हुए सांप्रदायिक सदभाव और माहौल बिगाड़ने की नीयत से इसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इतना ही नहीं इसके बाद भी आरोपित ने अपने वाट्सएप ग्रुप पर इस मैसेज का कोई खंडन भी नहीं किया। जिसे लेकर एसआई ने आरोपित छात्र के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। काकादेव थाना प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि आरोपित छात्र के खिलाफ आइटी एक्ट, किसी धर्म या वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत करने आदि में रिपोर्ट दर्जकर उसे गिरफ्तार किया है।
