मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर भाई से हुआ झगड़ा तो बहन ने फंदा लगाकर दे दी जान, पांचवी की छात्रा थी बच्ची
Thu, 16 Jun 2022
बांदा में मोबाइल की लत बच्चों के लिए जानलेवा बन रही है। इंटरनेट पर गेम खेलने की लत घातक बीमारी साबित हो रही है। एक दिन पहले ही फ्री फायर गेम के चक्कर में युवती को अगवा, दुष्कर्म और मतांतरण का मामला सामने आ चुका है। अब भाई-बहन के बीच मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद 10 साल की बच्ची ने फंदे से लटक जान दे दी। घटना के समय मां बाजार गई थीं और पिता ड्यूटी। अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद स्वजन ने बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।

सिविल लाइन निवासी पूरन वर्मा की 10 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी मोबाइल पर गेम खेल रही थी। तभी बड़ा भाई पहुंचा और खुद गेम खेलने के लिए मोबाइल छीनने लगा। इसको लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। बड़े भाई ने मोबाइल छीन लिया और गेम खेलने लगा। इससे आहत लक्ष्मी कमरे में चली गई और मां की साड़ी का फंदा गले में डाल लटक गई। थोड़ी देर बाद खाना बना रही बड़ी बहन निशा जब कमरे के अंदर पहुंची, तो लक्ष्मी को लटके देखा, इसके बाद चीख-पुकार मच गई। स्वजन फंदे से नीचे उतार सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी में तैनात डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

बड़ी बहन निशा ने बताया कि लक्ष्मी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की होनहार छात्रा थी। पांच भाई बहनों में सबसे छोटी थी। घटना के समय मां बाजार खरीदारी करने गई थीं और पिता प्राइवेट ड्राइवर होने के चलते बाहर थे। स्वजन शव को लेकर अंतिम संस्कार करने चले गए। थानाध्यक्ष अनूप दुबे का कहना है कि घटना संज्ञान में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *