अब 30 जून तक गेहूं की बिक्री कर सकेंगे किसान
Thu, 16 Jun 2022
– किसानों को गेहूं बिक्री की समस्या न हो इसके लिए बढ़ाई गई समय सीमा

– पूर्व में 15 जून तक ही खरीद करने के थे निर्देश

कानपुर देहात के किसानों को गेहूं बिक्री में समस्या न हो और वह अपनी उत्पादित फसल को आसानी से बिक्री कर सकें इसके लिए शासन ने समय सीमा में 15 दिन की बढ़ोतरी कर दी है। अब किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर 30 जून तक गेहूं की बिक्री कर सकेंगे।

रबी विपणन वर्ष 2022-23 में गेहूं खरीद के लिए शासन से 55 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके लिए खाद्य विभाग के 10, पीसीएफ के 23, पीसीयू के 19, यूपीएसएस के नौ सहित 62 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हुई थी, लेकिन शुरुआत से ही केंद्रों पर किसानों की आवक कम रही। प्राइवेट मंडियों में गेहूं के प्रति क्विंटल दाम अधिक रहने से सरकारी केंद्रों से किसानों ने दूरी रखी। गेहूं खरीद के लिए 15 जून तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी। अब किसानों को गेहूं बिक्री में समस्या न हो और लक्ष्य के अनुरूप खरीद फीसद को बढ़ाया जा सके इसके लिए शासन ने समय सीमा में बढ़ोतरी की है। इससे अब किसान 30 जून तक गेहूं की बिक्री कर सकेंगे। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया अब तक 114 किसानों से गेहूं की खरीद की गई है। उत्पादित गेहूं की फसल को किसान आसानी से बिक्री कर सकें इसके लिए 30 जून तक खरीद की समय सीमा बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *