संदिग्ध हालात में किशोर की गोली लगने से मौत, बंद कमरे में शव मिलने से हड़कंप, हत्या का आरोप
Thu, 16 Jun 2022
कानपुर देहात में झींझक के श्रीनगर निवासी मानस दीक्षित की संदिग्ध हालात में सीने में गोली लगने से मौत हो गई। पिता घर पर आए तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद वह पीछे की तरफ से गए और खिड़की से हाथ डालकर कुंडी खोली। अंदर कोई तमंचा पड़ा नहीं मिला है केवल एक खोखा मिला। स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है।

अजय दीक्षित का 16 वर्षीय पुत्र मानस गुरुवार दोपहर को घर पर अकेला था। संदिग्ध हालात में उसके सीने में गोली लगने से मौत हो गई।पिता अजय खेत की ओर गए थे काफी देर तक बेटे का फोन न उठने पर वह घर पहुंचे। आगे का दरवाजा बंद था काफी आवाज देने पर नहीं खुला तो वह पीछे की तरफ गए। बाउंड्री फांदकर अंदर गए और दरवाजे से सटी खिड़की से हाथ डालकर आराम से कुंडी खोल ली। अंदर देखा तो लहूलुहान हालत में बिस्तर पर शव पड़ा था। आसपास के लोग भी जुट गए। थाना प्रभारी एसके मिश्र पहुंचे और छानबीन की।

फोरेंसिक टीम भी पहुंची जहां एक खोखा मिला लेकिन कोई तमंचा नहीं मिला। पिता का कहना है कि बेटे की किसी ने हत्या कर दी है और पीछे के रास्ते से भाग निकला। दरवाजा खिड़की से बंद और खुल जाता है यह हत्यारे को अच्छे से पता रहा होगा। थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या व हत्या दोनों बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *