उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शनिवार को हाईस्कूल यानी 10वीं की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया. हाईस्कूल में एक बार फिर कानपुर नगर का दबदबा देखने को मिला. टॉप-20 में शहर के सात छात्र छात्राएं शामिल हैं.
इस पूरे रिजल्ट में सबसे खास बात यह है कि टॉप 20 में टॉपर्स की खान कहे जाने वाले बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज और ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज का कोई भी छात्र शामिल नहीं हैं. हाईस्कूल परीक्षा की बात करें तो अनुभव इंटर कॉलेज, मुरलीपुर रार के प्रिंस पटेल ने पहला स्थान प्राप्त किया. उन्हें 600 में से 586 अंक हासिल हुए. उनका कुल प्रतिशत 97.67 रहा. इसके अलावा शिवाजी इंटर कॉलेज, अर्रा की किरण कुशवाहा को तीसरा स्थान हासिल हुआ. शिवाजी इंटर कॉलेज की है पलक अवस्थी को पांचवां, नैंसी वर्मा ने नवां और प्रांशी द्विवेदी ने 10 वां स्थान प्राप्त किया. अनुभव इंटर कॉलेज के राज यादव ने 16वां स्थान प्राप्त किया है. यहीं के छात्र शिवा ने टॉपर्स सूची में 20वां स्थान प्राप्त किया है. टॉपर्स सूची की बात की जाएं तो बेटियों का जलवा इसमें बरकरार रहा है.
अनजान स्कूल से निकले टॉपर्स
पिछले कुछ वर्षों की बात करें तो यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में टॉपर्स अनजान स्कूलों से निकल रहे हैं. शहर की बात करें तो शायद ही किसी ने अनुभव इंटर कॉलेज का नाम सुना हो. इन सबके बीच शिवाजी इंटर कॉलेज अर्रा पिछले कई वर्षों से टॉपर्स सूची में अपना नाम दर्ज करा रहा है. कानपुर में हाईस्कूल का परीक्षाफल 88.18 प्रतिशत रहा है.
2022-06-18
