महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका
Tue, 13 Jul 2021
कानपुर देहात की अकबरपुर कोतवाली के लालपुर गांव में सोमवार सुबह एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मां का शव कमरे में लटका देख नौ वर्षीय बेटी ने चौकी जाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए।
पातेपुर लालपुर गांव में स्टेशन रोड पर जुनेदापुर भोगनीपुर निवासी राजकुमार काफी समय से मकान बनाकर पत्नी मोनिका (35) के साथ रहा था। सोमवार को मोनिका का शव दरवाजे के ऊपर लगे रोशनदान में साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। मृतका की नौ वर्षीय बेटी रूबी ने ये देखा तो बिलखते हुए दौड़कर इसकी सूचना लालपुर चौकी में दी। चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। बेटी ने पिता व चाचा पर हत्या करने का शक जताया है।
कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मृतका के पति समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना स्पष्ट हो सकेगी।
