“सरकारी नौकरी लगने की खुशी पल भर में हो गई थी काफूर, नियुक्ति पत्र लेकर सचिवालय पहुंचने पर उड़ गए थे होश
Wed, 22 Jun 2022
कानपुर के चार युवकों को सरकारी नौकरी मिलने की खुशी पल भर में उस समय काफूर हो गई जब नियुक्ति पत्र लेकर सचिवालय पहुंच गए। नियुक्ति पत्र व पहचान पत्र फर्जी होने की जानकारी हाेते ही उन चारों के होश उड़ गए क्योंकि चारों ने नौकरी के लिए 22 लाख रुपये की कीमत चुकाई थी। ठगी की शिकायत थाने में की तो पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार करके गिरोह का पता लगाना शुरू किया है। इसमें रावतपुर का एक होटल संचालक भी शामिल है और पुलिस ने सभी से अलग-अलग पूछताछ कर रही है।

मूल रूप से जौनपुर के किल्हापुर गांव निवासी शिवम मिश्रा काकादेव स्थित हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। आरोप है कि नमक फैक्ट्री चौराहे के एक होटल संचालक अनिल कुमार यादव ने शिवम व उसके चार साथियों को सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 22 लाख रुपये लिये थे। इतना ही नहीं होटल संचालक ने साथी धीरेंद्र उर्फ धीरू व कुमार उज्जवल की मदद से चारों युवकों को फर्जी नियुक्ति पत्र व पहचान पत्र भी थमा दिया था। सचिवालय पहुंचने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई थी। इसपर होटल संचालक व उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इस मामले की जांच में जुटी रावतपुर पुलिस ने नामजद तीनों आरोपितों समेत घटना में शामिल एक और आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। रावतपुर थाना प्रभारी अजान सिंह ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपितो से पूछताछ की जा रही है। आरोपितों के कब्जे से इस फर्जीवाड़े में प्रयुक्त सामग्री को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपित अभी तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बना चुके हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *