रनियां पड़ाव पर ट्रक की टक्कर से स्वास्थ्य कर्मी की मौत
Wed, 22 Jun 2022
कानपुर देहात में अकबरपुर के रनियां पड़ाव पर चालक को नींद आने पर ट्रक डिवाइडर पारकर सर्विस लेन पर उतर गया। पिकअप, लोडर व स्कूटी में टक्कर मारते हुए कोल्ड ड्रिंक पी रहे स्वास्थ्य कर्मी योगेंद्र सिंह चंदेल को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। घायल योगेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। गनीमत रही कि क्षतिग्रस्त वाहनों के सर्विस लेन पर खड़े रहने के दौरान उनमें लोग सवार नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो जाता।
कानपुर के नौबस्ता एस ब्लाक यशोदा नगर निवासी 41 वर्षीय योगेंद्र सिंह चंदेल यहां टीबी अस्पताल में सीनियर ट्रीटमेंट लेबोरेट्री सुपरवाइजर के पद पर संविदा पर तैनात थे। इस समय सरवन खेड़ा अस्पताल में वह कार्यरत थे। बुधवार दोपहर ढाई बजे करीब वह रनियां पीएचसी से दवा देकर कानपुर के लिए निकल गए थे। अपने किसी परिचित से मिलने के लिए वह राजावत अस्पताल रनियां के सामने सर्विस लेन पर गए थे। यहां एक दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने के बाद वह कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे। उसी समय कानपुर की ओर से इटावा जा रहा पाइप लदे ट्रक के चालक को नींद की झपकी आ गई। हाईवे से डिवाइडर पारकर सर्विस लेन पर ट्रक उतर आया। पहले एक पिकअप, फिर लोडर व स्कूटी को टक्कर मारते हुए योगेंद्र को अपनी चपेट में ले लिया। थाना प्रभारी अकबरपुर विनोद पांडेय ने बताया कि ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। उसका पता किया जा रहा है और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
