घर में छायी थीं शादी की खुशियां और बुआ की हो रही थी विदाई, मासूम की तालाब में डूबकर मौत से छा गया मातम
Wed, 22 Jun 2022
महोबा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नेगवां में बुधवार को शादी के बाद दुल्हन की विदाई के बीच भतीजे की डूबकर मौत होने से मातम छा गया। शादी वाले घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मूल रूप से ग्राम नेगवां निवासी हरिबाबू और उनका भाई विजय मुख्यालय के डाक बंगला के पास परिवार समेत रहकर मजदूरी कार्य करते हैं। मंगलवार को गांव में हरिबाबू की बहन पूजा की शादी थी और वह परिवार के साथ नेगवां आए थे। बुधवार दोपहर के समय दुल्हन की विदाई कार्यक्रम हो रहा था और उसी समय हरिबाबू का आठ वर्षीय बेटा सुमित, चचेरा भाई 10 वर्षीय भोला, बहन 13 वर्षीय वर्षा गांव के बच्चे साथ में तालाब में नहाने पहुंच गए। नहाते समय सुमित और भोला गहराई में जाकर डूबने लगे। बच्चों का शोर सुनकर ग्रामीण बचाने के लिए तालाब में कूद गए। इस बीच वर्षा ने घर जाकर सुमित और भोला के डूबने की जानकारी दी। इसपर हरिबाबू समेत परिवारीजन भी तालाब पहुंच गए। इस बीच ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया और स्वजन जिला अस्पताल ले गए। डा. नरेंद्र राजपूत ने सुमित को मृत घोषित कर दिया और भोला को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

खुशियों के बीच गम का टूटा पहाड़ :

हरिबाबू ने बताया कि सुमित और कृष्णा दो पुत्र हैं। भाई विजय के भोला, वर्षा और राज तीन बच्चे हैं। घर के सभी लोग बहन की विदाई कार्यक्रम में व्यस्त हो गए तभी बच्चे तालाब पर चले गए थे।  सुमित की मौत से बुआ पूजा का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार को लोगों ने उसे ढांढस बंधाया। बाद में सादगी पूर्ण तरीके से उसकी विदाई की गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *