Wed, 14 Jul 2021
रसूलाबाद/डेरापुर,/रूरा। सीएचसी रसूलाबाद समेत क्षेत्र के पांच स्थानों में कैंप लगाकर मंगलवार को 714 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई। दोपहर 2 बजे के बाद सीएचसी में वैक्सीन खत्म हो जाने पर कई लोग मायूस होकर लौट गए। उधर डेरापुर सीएचसी सहित आठ केंद्रों पर सात सौ लोगों को वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीन की कमी के चलते दोपहर से टीकाकरण बंद हो गया। इससे यहां भी काफी लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
रसूलाबाद सीएचसी में मंगलवार को दो बूथों में 223, मलखानपुर में 105, ओरिया में 120, मौजमपुर में 150, मुलही में 116 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई।
सीएचसी में दोपहर दो बजे के बाद वैक्सीन खत्म हो जाने पर आजाद नगर के पंकज बाजपेई, शास्त्री नगर की आरती, सुभाष नगर की प्रतिमा, केशव नगर की शशि समेत कई लोग मायूस होकर लौट गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि 714 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। देर रात वैक्सीन आने की उम्मीद है।
उधर डेरापुर सीएचसी सहित आठ केंद्रों पर मंगलवार को कोविड-19 से बचाव के लिए सात सौ लोगों को वैक्सीन लगाई गई। डेरापुर सीएचसी में वैक्सीन की कमी के चलते दोपहर से वैक्सीनेशन बंद हो गया। जिससे काफी लोगों को बिना टीकाकरण कराए वापस लौटना पड़ा।
चिकित्साधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सीएचसी डेरापुर, अंबियापुर, चिलौली, इंजुआरामपुर, सिठमरा, नंदपुर, बिरियाहार, मवईमुक्ता में वैक्सीनेशन के लिए काउंटर लगवाए थे। जिनमें 700 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया है। मुख्यालय से और वैक्सीन भेजने की मांग की गई है।
