Wed, 14 Jul 2021
लखनऊ/हरदोई। ठाकुरगंज के एकतानगर में किराए के मकान में रहने वाले ओमप्रकाश (55) की सोमवार रात रुपये के लेनदेन में विवाद के बाद दो लोगों ने पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को परिवारीजनों ने कमांड अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी मौत हो गई। परिवारीजन हरदोई स्थित बरौली गांव शव लेकर पहुंचे जहां अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। वहां पहुंचकर ठाकुरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दो आरोपियों को मंगलवार देर शाम को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसीपी चौक आईपी सिंह के मुताबिक, मूलरूप से हरदोई के बरौली निवासी ओमप्रकाश सेना से रिटायर थे। रिटायरमेंट के बाद वह लखनऊ के एकतानगर में रहकर सिक्योरिटी एजेंसी संचालित कर रहे थे। निजी संस्थानों को सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराते थे। उनका कार्यालय कैंपवेल रोड पर था। बेटे अमित के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले अमन और फैजान उनका सिक्योरिटी का काम देखते थे। कुछ दिन पहले एक निजी संस्थान में सिक्योरिटी का टेंडर दिलाने के नाम पर दोनों ने दो लाख रुपये ओमप्रकाश से मांगे। ओमप्रकाश ने रुपये दे दिए लेकिन टेंडर नहीं मिला। ओमप्रकाश ने अपने रुपये वापस मांगे। इस पर अमन और सूफियान ने सोमवार रात उनसे विवाद कर लिया।
अमित के मुताबिक, दोनों नशे में धुत थे। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दोनों ने ओमप्रकाश को बुरी तरह पीटा। ओमप्रकाश को कमांड अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिवारीजन कमांड अस्पताल से शव लेकर सीधे गांव पहुंच गए जहां अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। इसकी जानकारी होने पर ठाकुरगंज पुलिस की टीम मंगलवार सुबह हरदोई के बरौली गांव पहुंची। वहां अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसीपी चौक आईपी सिंह के मुुताबिक, इस मामले में बेटे अमित की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या व एससी/एसटी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार देर शाम को दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
