कानपुर कोर्ट परिसर में पिस्टल लेकर घुसा शूटर, गैंगस्टर की जमानत पर होनी थी सुनवाई
कानपुर। तमाम कोशिशों के बावजूद कचहरी परिसर में सुरक्षा का मुकम्मल इंतजाम नहीं हो पाया है। बुधवार की सुबह गैंगस्टर कोर्ट के बाहर हथियारबंद शूटर की मौजूदगी से अफरातफरी मच गई और मौके का फायदा उठाकर शूटर भाग निकला। बसपा नेता पिंटू सेंगर हत्याकांड में वादी धर्मेंद्र सिंह व वकील संदीप शुक्ला ने अपनी जान को खतरा बताते हुए हत्या के लिए शूटर भेजे जाने का आरोप लगाया है। जानकारी के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पिस्टल लेकर आया शूटर
बसपा नेता पिंटू सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपितों में महफूज अख्तर भी है और उसपर गैंगस्टर एक्ट का भी मुकदमा दर्ज है। बुधवार को उसकी जमानत अर्जी पर गैंगस्टर कोर्ट में सुनवाई थी। इसके चलते पिंटू सेंगर हत्याकांड में वादी धर्मेंद्र सिंह और अधिवक्ता संदीप शुक्ला भी गैंगस्टर कोर्ट में जमानत अर्जी के विरोध में अपना पक्ष रखने जा रहे थे। धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक गैंगस्टर कोर्ट द्वितीय तल पर है और थोड़ा सन्नाटा रहता है। सुबह जैसे ही वह वकील के साथ गैंगस्टर कोर्ट की गैलरी में पहुंचे तो सामने एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई दिया और उसके कमर में पिस्टल लगी हुई थी।
