रूरा पुलिस को जांच टीम ने भेजी धांधली की रिपोर्ट
रूरा मंडी समिति में संचालित पीसीयू सरकारी गेहूं खरीद केंद्र में निर्धारित खरीद के अपेक्षा तौल में कम पाए जाने से गड़बड़ी की आशंका पर बुधवार को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (एसीएआर) देवेंद्र वर्मन ने टीम के साथ आकर जमा करीब पांच सौ बोरी गेहूं बोरी सील कर दिया। मामले की जांच शुरू की गई है।
पीसीयू केंद्र में किसानों से कुल 11090 क्विटल गेहूं की खरीद हुई है जिसकी लगातार उठान जारी है। आखिरी चरण में निश्चित की गई तौल की अपेक्षा गेहूं कम पड़ रहा है, जिसको लेकर तौल में गड़बड़ी की आशंका को लेकर खलबली मची हुई है। बुधवार को एसीएआर ने अपर जिला सहकारी एवं सहायक निबंधक भोगनीपुर, राजेश कटियार व अकबरपुर के शिवरतन लाल के साथ आकर प्लेटफार्म में जमा गेहूं की पड़ताल कर अपनी मौजूदगी में सील करा दिया। इस दौरान मंडी परिसर की एक गल्ला की दुकान में कुछ बोरिया पाये जाने पर टीम ने दुकानदार के यहां पहुंचकर छानबीन शुरू की, जिसमें किसी के इसे फेंके जाने की बात बताई जा रही है। वहीं अधिकारी गड़बड़ होने की शंका जता रहे है। एसीएआर देवेंद्र वर्मन ने बताया कि प्लेटफार्म में जमा गेहूं की बोरियों को सील कर मामले की जांच गहनता से शुरू की गई है। जांच में गेहूं कम पाया जाता है तो केंद्र प्रभारी सहित अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई के साथ ही रिकवरी कराई जाएगी।
