हत्या कर महिला का शव सड़क किनारे फेंका

Wed, 04 Aug 2021
भोगनीपुर क्षेत्र में एक अगस्त से लापता महिला की हत्या कर शव को हरदुआ गांव के पास सड़क किनारे पानी भरे खड्ड में फेंक दिया। महिला का पति पहुंचा तो शव की शिनाख्त हो सकी। उसने एक महिला संग पत्नी के बाजार जाने की बात कही व शक जताया। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी व एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

हांसेमऊ गांव निवासी किसान संजय कठेरिया की 40 वर्षीय पत्नी संगीता रविवार को पुखरायां बाजार के लिए निकली थी और वापस नहीं आई। बुधवार को संगीता का शव हरदुआ गांव के पास सड़क किनारे पानी भरे खड्ड में पड़ा मिला। चेहरे पर चोट के निशान थे व जबड़े के पास गहरा घाव था। एसपी केशव कुमार चौधरी, एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ प्रभात व कोतवाल बैजनाथ पहुंचे। आसपास पूछताछ की गई पर कोई शिनाख्त न कर सका। संजय दोपहर बाद महिला का शव मिलने की जानकारी पाकर पहुंचे और शिनाख्त की। संजय कठेरिया ने बताया कि एक अगस्त को गांव की ही एक महिला मेरी पत्नी संगीता को सामान खरीदने की बात कहकर पुखरायां बाजार ले गई थी। वह महिला वापस घर लौट आई, लेकिन पत्नी शाम तक घर नहीं लौटी, तो उसने महिला से पत्नी संगीता के बारे में पूछताछ की। इस पर महिला ने संगीता के पुखरायां में छूट जाने की बात बताई। पत्नी की हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है। पुलिस ने इस आधार पर महिला को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की जा रही। वहीं पोस्टमार्टम गुरुवार को डाक्टरों के पैनल से होगा। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम से मौत का सही कारण पता चलेगा। महिला से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *